छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी
महिला किसान श्रीमती उमा जामड़े ने कहा टोकन से तौल तक पूरी प्रक्रिया रही पारदर्शी
मोहला । शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान-हितैषी ढंग से निरंतर जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 19 प्राथमिक समितियों के 27 उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।
खरीदी केंद्रों में शासन द्वारा धान खरीदी को सुचारु व्यवस्था एवं किसानो की सुविधा के लिए गेट पास एप का प्रारंभ किया गया है। इसके तहत किसानों को धान खरीदी केंद्र में आने पर अपने वाहन के साथ गेट पास एप में फोटो खिंचवाना होगा साथ ही धान खरीदी केन्द्र में आते समय अपना टोकन भी साथ लाना होगा। गेट पास एप के माध्यम से टोकन का स्कैन किया जाएगा। जिसके बाद किसान की फोटो खिची जाएगी। धान खरीदी के 48 से 72 घंटे के भीतर किसानों को धान का मूल्य प्राप्त हो जाता है। इस सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं से किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
इसी क्रम में मोहला विकासखण्ड के ग्राम परसघाट की महिला किसान श्रीमती उमा जामड़े ने एकटकान्हार में 80 क्विंटल धान विक्रय किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में जब वह अपना धान लेके गई तों सबसे पहले धान खरीदी केंद्र में अपने वाहन के साथ गेट पास एप के माध्यम सें उनकी फोटो खींची गई साथ ही टोकन का स्कैन किया गया। उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रक्रिया पूरी तरह सरल हैं, साथ ही गेट पास एप की सराहना करते हुए कहा की यह एप्प शासन की पारदर्शी और समयबद्ध है प्रक्रिया को दर्शाती हैं, उन्होंने कहाँ की शासन ने जब सें ऑनलाइन प्रक्रिया प्रारम्भ की हैं तब सें ना तों उन्हें अब कतार में लगने या प्रतीक्षा करने जैसी किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। साथ ही सरकार द्वारा उपलब्ध छाया, पेयजल एवं बैठने जैसी सुविधाओं ने खरीदी प्रक्रिया को और भी सहज बना दिया है।
किसान श्रीमती उमा ने बताया कि केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते उनके पूरे धान का विक्रय बिना किसी बाधा के पूर्ण हुआ। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी खेती के कार्यों को बेहतर बनाने एवं अच्छी फसल के लिए ट्रेक्टर की खरीदा हैं। ट्रेक्टर के माध्यम से खेती आसान हुई और इस साल उनकी फसल बहुत अच्छी हुई हैं। जिससे उन्हें अच्छी खासी आमदनी हुई। वह कहती हैं कि इस साल की आमदनी का उपयोग वह अपने ट्रेक्टर के किसानी पार्टस लेने में करेंगी। जिससे कृषि कार्य में। आसानी के साथ बेहतर आमदनी प्राप्त होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को किसानों के हित में इस मजबूत और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
श्रमिकों की मुस्कान बनी मिनीमाता महतारी जतन योजना
ठाकुरबांधा की ललिता चंद्रवंशी को मिला 20 हजार रुपए का लाभ
शासन से महिला श्रमिकों को मातृत्व के दौरान मिल रहा आर्थिक सहयोग और सुरक्षा
मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी,13 नवंबर 2025
श्रमिक हमारे समाज की वह मजबूत नींव हैं, जिन पर विकास की इमारत खड़ी होती है। यही कारण हैं कि शासन द्वारा श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक हैं *मिनीमाता महतारी जतन योजना*, जिसने मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले की महिला श्रमिकों के जीवन में खुशियों के रंग भर दिए हैं।
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम ठाकुरबांधा निवासी श्रीमती ललिता चंद्रवंशी श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिक हैं। हाल ही में उन्हें इस योजना के तहत 20 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। यह सहायता राशि महिला श्रमिकों को मातृत्व अवधि के दौरान आर्थिक सहयोग और सुरक्षा देने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है। योजना अंतर्गत मंडल में कम से कम एक वर्ष से पंजीकृत महिला श्रमिक को बच्चे के जन्म के 90 दिनों के भीतर आवेदन करने पर यह लाभ प्राप्त होता है। ललिता चंद्रवंशी ने बताया कि इस राशि से उन्हें नवजात की देखभाल और आवश्यक खर्चों में काफी सहूलियत मिली है।
श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए पंचायत स्तर पर पंजीयन एवं नवीनीकरण का कार्य सतत् रूप से पंजीयन शिवरों के माध्यम से किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर उनके जीवन स्तर को सुदृढ़ बनाना है।
राज्य निर्माण से अब तक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की सिंचाई सुविधाओं में 96 प्रतिशत की हुई वृद्धि, 7976 हेक्टयर बढ़ा सिंचित रकबा
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में सिंचाई सुविधा में 25 वर्षों में हुआ अभूतपूर्व विस्तार
फसल उत्पादन में वृद्धि से किसानों के जीवन स्तर में आया सकारात्मक परिवर्तन
मोहला-मानपुर-अंबागढ़, 11 नवम्बर 2025
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले ने पिछले 25 वर्षों में कृषि क्षेत्र में विस्तार एवं किसानों के सिंचाई प्रबंधन में उत्तरोत्तर प्रगति की है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के पूर्व जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में 43 लघु जलाशय, 02 व्यपवर्तन योजनाएं निर्मित थे। जिससे कुल 8251 हे. क्षेत्र में सिंचाई की जाती थी।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष के सफर में जल संसाधन विभाग द्वारा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में सिंचित क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य स्थापना से अब तक मध्यम परियोजना मोंगरा बैराज, 01 लघु जलाशय और 27 एनीकट का निर्माण किया गया है। जिससे कुल 7976 हेक्टेयर सिंचित रकबे का विस्तार हुआ है। जिससे सिंचित क्षेत्र में लगभग 96.67 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
जिले के मध्यम परियोजनाएं पर नजर डाले तो मोंगरा बैराज परियोजना का निर्माण सन 2008 में पूर्ण कर लिया गया था। योजना का जल भराव क्षमता 32.05 मि.घ.मी. है। मोंगरा बैराज परियोजना से जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के 3670 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाती है एवं जिला राजनांदगांव के 6651 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की जाती है। योजना के निर्माण उपरान्त अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड के किसानों के आजीविका में सुधार के साथ किसानों की आय में वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त ग्रीष्म ऋतु में पेयजल एवं निस्तारी हेतु जल की कमीं भी कई इलाकों में दूर हुई है।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के उपरांत लघु योजनाओं में विकासखण्ड मानपुर में 08 एनीकट का निर्माण किया गया। जिसमें भर्रीटोला, खुर्सेकला, बांधाटोला, चाउरगांव, नादिया नेडग़ांव, दिघवाड़ी, कोतरी, पानाबरस शामिल है। जिससे मानपुर विकासखण्ड में 1801 हे. में सिंचाई की जाती है।
इसी प्रकार विकासखण्ड मोहला में 06 एनीकट का निर्माण किया गया। जिसमें चीलाडबरी, सांगली, केंवटटोला, देवरसुर, भालापुर, धारनी एनीकट शामिल है। जिससे मोहला विकासखण्ड में 548 हे. में सिंचाई की जाती है। विकासखण्ड अंबागढ़ चौकी में 13 एनीकट में मोंगरा, चौंकी, हितागुटा, बिहरीखुर्द, थुहाडबरी, पांगरी, पर्रेमेटा, हेमलकोड़ो, आतरगांव क्र. 01 और 02, माहूद, बोहरनभेड़ी, गौलीटोला एनीकट तथा 01 लघु जलाशय चिखलाकसा का निर्माण किया गया है। जिससे अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड में 1957 हे.में सिंचाई की जाती है।
इन सभी परियोजनाओं से न केवल जिले के सिंचाई क्षेत्र में विस्तार हुआ, बल्कि किसानों की आमदनी और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। बढ़ी हुई सिंचाई सुविधा के कारण फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है और समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसान आर्थिक रूप से सशक्त भी हुए हैं।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के 48 हजार से अधिक परिवारों को मिला घर पहुंच शुद्ध पेयजल
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 10 नवंबर 2025


प्रकृति की गोद में बसा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण है, पर इसके पहाड़ी एवं वनों से आच्छादित भूभाग से यहां पेयजल संकट कई बार गहरा जाता था। नवीन जिला बनने के बाद हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए जिले में किए जा रहे कार्यों ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। जल जीवन मिशन एवं अन्य परि योजनाओं के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से शुद्ध पेयजल सुविधा पहुंचाने का कार्य तेजी से हुआ है। वर्ष 2022 में जिले में कुल 4747 हैंडपंप क्रियाशील थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 4804 हो गए। इस अवधि में 57 नए हैंडपंप की स्थापना की गई और 240 नलकूपों का खनन आधार स्रोत के रूप में किया गया। हैंडपंप योजनाओं से लाभान्वित ग्रामों की संख्या भी 55 से बढ़कर 207 हो गई।
नल जल योजनाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई, जहाँ वर्ष 2022 में 229 योजनाएं संचालित थीं, वहीं वर्ष 2025 तक इनकी संख्या बढ़कर 500 हो गई। इन योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की संख्या अब 14 हजार बढ़कर 48 हजार तक पहुँच गई। जिससे जिले के हजारों परिवारों को अब घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
जिले के 126 ग्राम हर घर जल पहुंच रहा है एवं 114 ग्राम हर घर जल प्रमाणित हो चुके हैं। सोलर ड्यूल पंप योजना के अंतर्गत वर्ष 2022 में 262 पंप स्थापित थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 470 हो गए हैं, जिससे विद्युत-विहीन ग्रामों को भी पेयजल सुविधा प्राप्त हुई है। वहीं एकल ग्राम जल योजना के अंतर्गत 370 योजनाएं स्वीकृत की गई, जिनमें से 158 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा 21 हजार परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं।
इसी प्रकार समूह जल प्रदाय योजना के तहत वर्ष 2022-25 के दौरान 102 योजनाएं क्रियान्वित की गई और वर्ष 2025 तक इनकी संख्या 115 तक पहुंच गई। इन सभी योजनाओं के औसतन 73 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इस तरह मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में वर्ष 2025 तक लगभग 48 हजार 514 परिवारों को घर-घर नल से शुद्ध पेयजल सुविधा प्राप्त हो चुकी है, जो जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हर घर जल के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
रजत जयंती वर्ष पर जिला प्रशासन और प्रेस इलेवन के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन
मोहला, 5 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम के तीसरे दिन रक्षित आरक्षी केन्द्र मॉडिंग पीड़िंग, मोहला में जिला प्रशासन और प्रेस इलेवन के मध्य सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
सद्भावना मैच का उद्देश्य प्रशासन और मीडिया के बीच आपसी सौहार्द, समन्वय और सद्भावना को सुदृढ़ करना, तथा खेल के माध्यम से टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था। सद्भावना मैच का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं सभी खिलाड़ियों को “बेस्ट ऑफ लक” कहकर किया गया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने दोनों टीमों के बीच टॉस कराया, जिसमें जिला प्रशासन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रेस इलेवन टीम ने सभी विकेट खोकर 37 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह एवं एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य ने शानदार ओपनिंग की, जिसमें एसपी श्री यशपाल सिंह और
एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य की बेहतरीन साझेदारी ने 38 रन बनाकर जिला प्रशासन की टीम को जीत दिलाई। मैच की मनोरंजक कमेंट्री और खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके पश्चात दूसरा मैच जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के मध्य खेला गया।
टॉस जीतकर जिला प्रशासन ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 76 रनों का लक्ष्य दिया। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ओपनिंग करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दी। जवाब में पुलिस प्रशासन की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 76 रन बनाकर मैच जीत लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने दोनों टीमों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की। मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब श्री प्रशांत शर्मा को दिया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा राज्योत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि यह हमारे आपसी सौहार्द, सहयोग और एकता का प्रतीक है। सद्भावना मैच हमें टीम वर्क, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा सिखाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में दोनों टीमों को बधाई देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष की भावना को खेल, उत्साह और एकता के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त : कलेक्टर प्रजापति
मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टर सभाकक्ष में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में कसावट लाने तथा जनसुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला डॉ. हेमेन्द्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, सीएमएचओ डॉ.विजय खोब्रागढ़े उपस्थित रहे।
कलेक्टर प्रजापति ने विभाग में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं और गतिविधियों की बारीकी से समीक्षा की। इसमें एएनसी रजिस्ट्रेशन, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण पुनर्वास केंद्र एनआरसी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, सिकल सेल रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड/प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा तथा आईएचआईपी पोर्टल जैसे कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग के योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि एएनसी रजिस्ट्रेशन का पूर्ण डेटा अद्यतन और शत-प्रतिशत होना चाहिए। उन्होंने संबंधित बीएमओ और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं का घर-घर सर्वे कर पंजीयन सुनिश्चित करें ताकि कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रगति वाले बीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यों में शिथिलता बरतेंगे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं आम जन से स्वास्थ्य संस्थानों में आने पर सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। स्वास्थ्य सेवाएं जनता के लिए हैं, अत: प्रत्येक मरीज को समय पर इलाज, दवा एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर प्रजापति ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाएं सीधे आमजन से जुड़ी हैं, अत: इन योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन और फील्ड मॉनिटरिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने डेटा एंट्री की स्थिति पर विशेष रूप से असंतोष व्यक्त किया। कई ब्लॉकों में पोर्टल पर डेटा अपलोड में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का डाटा समय पर आईएचआईपी पोर्टल और संबंधित सॉफ्टवेयर पर दर्ज किया जाए, ताकि वास्तविक प्रगति का सही आंकलन किया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों से कहा कि वे समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें तथा अगली बैठक में लक्ष्यों के विरुद्ध आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करें।
कलेक्टर प्रजापति ने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन नहीं, बल्कि जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना भी है। प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और भी बेहतर किया जा सके। बैठक में बीएमओ, एएनएम सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर प्रजापति ने की वेयरहाउस का निरीक्षण, राजनैतिक दल के प्रतिनिधि रहें मौजूद
मोहला । भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आज माडिंग पीडि़ंग स्थित वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया। राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के समक्ष स्ट्रांग रूम में मौजूद मोहला-मानपुर विधानसभा क्रमांक 78 के ईव्हीएम एवं वीवीपैट का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ में गौण खनिज रेत खदानों की ई-निलामी का आयोजन
मोहला 30 अक्टूबर 2025
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर (खनिज शाखा) द्वारा गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन पट्टा खदानों के आवंटन के लिए इलेक्ट्रॉनिक निलामी (रिवर्स ऑक्शन) आयोजित की जा रही है। इस प्रथम चरण में कुल दो खदानों – तोलुम और कहगांव, दोनों तहसील मानपुर में – का आवंटन किया जाएगा। निलामी में भाग लेने के लिए अर्हता प्राप्त बोलीदाता ही शामिल हो सकते हैं। तकनीकी और वित्तीय बोली 14 नवंबर 2025 को सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होकर 20 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन MSTC पोर्टल स्वीकार की जाएगी। निविदा की विस्तृत नियमावली और शर्तें खनिज साधन विभाग की वेबसाइटhttps://chhattisgarhmines.gov.in/जिला कार्यालय की वेबसाइट https://mohla-manpur-ambagarhchowki.cg.gov.in/ तथा संबंधित ग्राम पंचायत और जिला पंचायत भवनों के सूचना पटल पर देखी जा सकती हैं।
महिला आजीविका संकुल संगठन मोहला का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
महिलाओं की एकता, प्रेरणा और सशक्तिकरण का रहा अद्भुत संगम
मोहला 30 अक्टूबर 2025
दिशा महिला आजीविका संकुल संगठन, मोहला द्वारा वार्षिक अधिवेशन आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, सरपंच ग्राम पंचायत मोहला श्री गजेन्द्र पुरामें, ग्राम पटेल श्री होरी लाल साहू उपस्थित रहे।
अधिवेशन में अतिथियों द्वारा संकुल संगठन के आजीविका साधन के रूप में ऑटो रिक्शा का शुभारंभ किया गया। इस पहल से महिला स्व-सहायता समूहों के आत्मनिर्भरता को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में संगठन की पदाधिकारियों ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें वार्षिक टर्नओवर, आय-व्यय विवरण तथा आगामी कार्ययोजना शामिल रही। इसके साथ ही लखपति दीदियों ने अपनी सफलता तथा कृषि एवं पशु सखियों ने अनुभव साझा किए। मौके पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई प्रेरणा उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया। इस अवसर पर संकुल संगठन की सभी सदस्य, ग्रामवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
मोहला 30 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण की घोषणा कर दी गई है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण किया जायेगा। इस संबंध में आज जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम की तिथि वार जानकारी देने के उद्देश्य से बैठक ली गई।
बैठक में कलेक्टर ने मुद्रण, प्रशिक्षण, घर-घर जाकर गणना चरण, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, दावे और आपत्ति अवधि, सूचना चरण सुनवाई और सत्यापन अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुद्रण, प्रशिक्षण हेतु 28 अक्टूबर से 3 नवंबर घर-घर जाकर गणना चरण हेतु 4 नवंबर से 4 दिसंबर, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर, दावे और आपत्ति अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी, सूचना चरण सुनवाई और सत्यापन 9 दिसंबर से 31 जनवरी, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी को होगा।
बैठक में कलेक्टर ने जानकारी दी की विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य से प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ना तथा अयोग्य व्यक्ति को मतदाता सूची से हटाना है। मतदाता के रूप में पंजीयन के लिये भारत के संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार व्यक्ति भारत का नागरिक होने, 18 साल की आयु पूर्ण करने, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होने जैसी योग्यताएं निर्धारित है। इस संबंध में अंतिम गहन पुनरीक्षण 21 साल पहल 2002 से 2004 के बीच किया गया था। छत्तीसगढ़ में पुनरीक्षण की कार्यवाही वर्ष 2003 में पूर्ण की गयी थी। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि जिले के समस्त मतदान केन्द्रों में बूथ लेवल अधिकारियों की नियुक्ति की कार्यवाही पूर्ण कर ली गयी है। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भूआर्य, एसडीएम श्री अमित नाथ योगी सहित निर्वाचन कर्मचारी उपस्थित थे।
- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान किये जाने वाले महत्वपूर्ण कार्य
बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची तथा वर्तमान मतदाता सूची का टेबलटॉप मिलान कार्य पूर्ण किया गया है साथ ही उनका सत्यापन कार्य बीएलओ एप्प के माध्यम से किया जा रहा है। प्रावधानों के अनुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंजीकृत प्रत्येक मतदाता के लिये गणना प्रपत्र प्रिंट कर बूथ लेवल अधिकारियों को प्रदाय करेंगे। गणना प्रपत्र में समस्त आवश्यक जानकारी पूर्व से प्रिंटेड फार्म में रहेगी। बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाताओं से संकलन किये गये गणना प्रपत्र के माध्यम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्यवाही करेगा। ऐसे समस्त मतदाता जिनका नाम पिछले पुनरीक्षण 2003 की मतदाता सूची से मैच, लिंक नहीं होगा अथवा जिनका इन्युमरेशन फार्म प्राप्त नहीं होगा उन्हें नोटिस जारी करेगा। नोटिस जारी किये गये मतदाताओं की सुनवाई कर उनकी मतदाता सूची में पात्रता, योग्यता के बारे में परीक्षण कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने अथवा नहीं करने के संबंध में निर्णय लेंगे। ईआरओ द्वारा साप्ताहिक अंतराल में प्राप्त दावे आपत्तियों की सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्वाचक, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगें कि कोई पात्र नागरिक मतदाता पंजीयन से न छुटे, कोई अपात्र व्यक्ति का मतदाता पंजीयन न हो, बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं का इन्युमरेशन फार्म भरने में सहयोग करेंगे तथा संकलन कर इआरओ, एईआरओ को जमा करेंगें। बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा मतदाताओं के घर कम से कम 3 बार भ्रमण किया जायेगा। मतदाताओं के द्वारा स्वयं भी अपना इन्युमरेशन फार्म प्रिंट किया जा सकेगा विशेषकर ऐसे मतदाता जो अस्थायी रूप से अपने घर से बाहर है।
- जरूरी दस्तावेज
केंद्र या राज्य सरकार, पीएसयू के नियमित कर्मचारी या पेंशनर्स को जारी कोई भी पहचान पत्र या पेंशन भुगतान आदेश। सरकारी या स्थानीय प्राधिकरणों, बैंकों, डाकघरों, एलआईसी या पीएसयू द्वारा 1 जुलाई 1987 से पहले जारी कोई भी पहचान पत्र या प्रमाणपत्र। जन्म प्रमाणपत्र जो किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी हो। पासपोर्ट, मैट्रिकुलेशन या शैक्षणिक प्रमाणपत्र जो किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय द्वारा जारी किया गया हो। स्थायी निवास प्रमाणपत्र जो राज्य प्राधिकरण द्वारा जारी किया गया हो। वन अधिकार प्रमाणपत्र जाति प्रमाणपत्र जो सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर से संबंधित प्रमाणपत्र जहां लागू है। फैमिली रजिस्टर, जो राज्य या स्थानीय प्राधिकरण द्वारा तैयार किया गया हो। भूमि या मकान आवंटन प्रमाणपत्र, जो सरकार द्वारा जारी किया गया हो।
- मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या
मोहला-मानपुर एवं आंशिक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 23 हजार 417 हैं। जिसमें मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 85 हजार 34 पुरुष एवं 88 हजार 967 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार आंशिक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के 24 हजार 152 पुरुष मतदाता एवं 25 हजार 264 महिला मतदाता शामिल हैं।
संतुलित आहार से आई मुस्कान, मानव की कहानी हर मां के लिए संदेश
मेरा बेटा अब स्वस्थ है नम्रता बाई ने जताई अपनी खुशी
मोहला । ग्राम रानाटोला, विकास खंड मोहला जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का नन्हा मानव आज स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी रहा है। कभी कमजोरी और कुपोषण से जूझ रहे मानव की कहानी आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है। मानव का जन्म 23 अप्रैल 2023 को हुआ था। 8 अक्टूबर 2024 को जब आंगनबाड़ी केंद्र में उसकी जांच की गई, तो पाया गया कि उसकी लंबाई के अनुसार वजन बहुत कम था कृ केवल 6.6 किलोग्राम। शरीर कमजोर था और खेलने-कूदने की इच्छा भी नहीं थी। उसकी मां, नम्रता बाई, बेटे की कमजोरी से चिंतित थीं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि बच्चों के सही विकास के लिए केवल पेट भरना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि पौष्टिक और संतुलित आहार देना भी जरूरी है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया और परिवार को समझाया कि कैसे संतुलित आहार और साफ-सफाई से बच्चे के जीवन में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने नम्रता बाई को सम्वर्धित टेक होम राशन के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से इसे देने की सलाह दी। साथ ही, उन्हें घर पर पौष्टिक आहार जैसे दलिया, मूंग दाल की खिचड़ी, अंडा और हरी सब्जियां बनाने के तरीके सिखाए गए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निरंतर गृह भेंट कर मानव के स्वास्थ्य पर नजर रखी और हर सप्ताह उसका वजन व लंबाई मापी। इन प्रयासों का असर जल्द ही दिखने लगा। 16 हफ्तों में मानव का वजन बढ़कर 7.7 किलोग्राम हो गया और अब वह सामान्य श्रेणी में आ चुका है। पहले जहां वह कमजोर और सुस्त था, वहीं अब वह सक्रिय, खेल-कूद में रुचि रखने वाला और ऊर्जावान बच्चा बन गया है। उसकी भूख में सुधार हुआ है और शरीर में ताकत लौटी है। सबसे बड़ी बात यह कि परिवार का आत्मविश्वास भी वापस आया है।
नम्रता बाई ने बताया कि मुझे लगा था कि मेरा बेटा हमेशा कमजोर ही रहेगा, लेकिन सम्वर्धित टेक होम राशन ने उसकी सेहत में सकारात्मक बदलाव लाया। आज मानव खुश और स्वस्थ है। मैं हर मां से कहना चाहती हूं कि आंगनबाड़ी से मिलने वाला राशन बच्चों को जरूर खिलाएं। इस परिवर्तन में सम्वर्धित टेक होम राशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से मानव को आवश्यक पोषक तत्व और ऊर्जा समय पर मिलती रही। यह अतिरिक्त पोषण उसके शारीरिक विकास के लिए आधार बना। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने लगातार प्रेरणा दी और परिवार ने निर्देशों का ईमानदारी से पालन किया।
कलेक्टर ने ली जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक
जल जीवन मिशन की प्रगति पर कलेक्टर ने की समीक्षा, लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता महेश सिंह, सहायक कार्यपालन अभियंता एपी शर्मा, छत्रपाल धुर्वे सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2024-25 तक पूर्ण हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2025-26 के लक्ष्य निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मिशन अंतर्गत प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा नव-नियुक्त सरपंच, सचिव तथा ग्राम स्वच्छ जल समिति के सदस्य एवं पम्प ऑपरेटर को प्रशिक्षण दिए जाने हेतु प्रशिक्षण बजट की प्रशासकीय स्वीकृति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संदर्भ विभाग द्वारा विकासखंड मानपुर के ग्राम पंचालफड़की, ख्वासफड़की, नवागांव, बेसली, तोलूम और कुम्हारी में कार्यरत मैसर्स आकसोन इंफ्राटेक प्रा. लि.का अनुबंध समिति के समक्ष निरस्तीकरण हेतु प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि ठेकेदार को बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं किया गया।
साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय आकलन की समीक्षा की गई और मिशन कार्यों की प्रगति को गति प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सही पोषण से नन्हे मानव को कुपोषण से मिली निजात
संतुलित आहार से लौटी मेरे बच्चे की मुस्कान- मां नम्रता बाई ने जताई अपनी खुशी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , 28 अक्टूबर 2025
कमजोर शरीर और हमेशा सुस्त रहने वाला दो साल का नन्हा मानव जिसे देखकर हमेशा उनका परिवार चिंतित रहा करता था। मां नम्रता बाई बेटे मानव को लेकर अपने आस पड़ोस में पूछती की ऐसा क्या करे की मानव सामान्य हो जाये पर जानकारी के अभाव में वो हमेशा अपना मन मारकर इसे अपनी किस्मत समझ लेती थी। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मां नम्रता बाई से संपर्क किया जिसमें उन्होंने माता को उचित पोषण एवं संतुलित आहार के संबंध में जानकारी दी।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखण्ड के सूदूर अंचल में बसे ग्राम रानाटोला निवासी मानव का शरीर तो कमजोर और उसे खेलने-कूदने की इच्छा भी नहीं होती थी। उसकी मां, नम्रता बाई, बेटे की कमजोरी से चिंतित थीं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि बच्चों के सही विकास के लिए केवल पेट भरना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि पौष्टिक और संतुलित आहार देना भी जरूरी है।
आंगनबाड़ी केंद्र में जब उसकी जांच की गई, तो पाया गया कि उसकी लंबाई के अनुसार वजन बहुत कम था, केवल 6.6 किलोग्राम। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया और परिवार को समझाया कि कैसे संतुलित आहार और साफ-सफाई से बच्चे के जीवन में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने नम्रता बाई को सम्वर्धित टेक होम राशन के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से इसे देने की सलाह दी। साथ ही, उन्हें घर पर पौष्टिक आहार जैसे दलिया, मूंग दाल की खिचड़ी, अंडा और हरी सब्जियां बनाने के तरीके सिखाए गए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निरंतर गृह भेंट कर मानव के स्वास्थ्य पर नजर रखी और हर सप्ताह उसका वजन एवं लंबाई का माप किया गया।
इन प्रयासों का असर जल्द ही दिखने लगा और 16 हफ्तों में मानव का वजन बढ़कर 7.7 किलोग्राम हो गया और अब वह सामान्य श्रेणी में आ चुका है। पहले जहां वह कमजोर और सुस्त था, वहीं अब वह सक्रिय, खेल-कूद में रुचि रखने वाला और ऊर्जावान बच्चा बन गया है। उसकी भूख में सुधार हुआ है और शरीर में ताकत लौटी है। सबसे बड़ी बात यह कि परिवार का आत्मविश्वास भी वापस आया है।
नम्रता बाई ने बताया कि मुझे लगा था कि मेरा बेटा हमेशा कमजोर ही रहेगा, लेकिन सम्वर्धित टेक होम राशन ने उसकी सेहत में सकारात्मक बदलाव लाया। आज मानव खुश और स्वस्थ है। मैं शासन का आभार व्यक्त करना चाहती हूं और हर मां से कहना चाहती हूं कि आंगनबाड़ी से मिलने वाला राशन बच्चों को जरूर खिलाएं। इस परिवर्तन में सम्वर्धित टेक होम राशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से मानव को आवश्यक पोषक तत्व और ऊर्जा समय पर मिलती रही। यह अतिरिक्त पोषण उसके शारीरिक विकास के लिए आधार बना। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने लगातार प्रेरणा दी और परिवार ने निर्देशों का ईमानदारी से पालन किया।
सीएचसी मोहला में हुआ सफल सिजेरियन ऑपरेशन, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
सीएचसी में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, गर्भवती माताओं को मिलेगा लाभ
13 अक्टूबर 2025
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ग्राम गिधाली की गर्भवती महिला कुलेश्वरी पति अर्जुन का सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। इस महत्वपूर्ण शल्यक्रिया को स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद बनकर, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. सीमा ठाकुर एवं डॉ. एस.आर. कोवाची की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पूरा ऑपरेशन पूरी तरह सुरक्षित रहा और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं को प्रसव हेतु राजनांदगांव या निजी अस्पतालों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में ही सिजेरियन ऑपरेशन एवं संपूर्ण जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। यह सुविधा विशेष रूप से उन ग्रामीण महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होगी। जिन्हें पहले औंधी से राजनांदगांव तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी।
इस उपलब्धि से क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को समय पर सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित होंगी परिणामस्वरूप मातृ मृत्यु दर में भी कमी आएगी।
मृदा सुधार हेतु ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण, किसानों को मिला सॉइल हेल्थ कार्ड
संतुलित उर्वरक प्रयोग से बढ़ेगी उपज, बनी रहेगी मृदा स्वास्थ्य
मोहला 9 अक्टूबर 2025
जिले में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजनांतर्गत ग्राम पंचायत दनगढ़, भोजटोला एवं माडिंग पीडिंग भुर्सा में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीनों ग्राम पंचायतों के सरपंच, ग्राम पटेल, पंच एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा सहायकगण उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य पत्रक का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरक एवं खाद का प्रयोग करने की अपील की गई। जिससे न केवल फसल की उपज बढ़ेगी, बल्कि उत्पादन लागत में भी कमी आएगी। जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि होगी, साथ ही मृदा का स्वास्थ्य स्थिर एवं टिकाऊ बना रहेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री असीम सिन्हा द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य पत्रक की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि खेती में टिकाऊपन बनाए रखने हेतु मृदा के स्वास्थ्य को संरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एक ही फसल को बार-बार लगाना, असंतुलित उर्वरक एवं कीटनाशकों का उपयोग, फसल अवशेष जलाना, अत्यधिक जुताई एवं मृदा कटाव से मृदा स्वास्थ्य में गिरावट होती है। इसके समाधान के संबंध में बताया कि संतुलित खाद के उपयोग के साथ-साथ केंचुआ खाद वर्मी कम्पोस्ट घर पर बनाना, हरी खाद जैसे ढँचा, सनई, मूंग, लोबिया आदि को फसल चक्र में शामिल करना तथा जैव उर्वरक जैसे अजोला, नील हरित काई, राइजोबियम, फास्फोरस एवं पोटाश सॉल्यब्लाइजिंग बैक्टीरिया आदि के उपयोग से मृदा को उपजाऊ और स्वस्थ रखा जा सकता है।
विभागीय अधिकारी द्वारा किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की सलाह दी गई। जिससे मृदा की उर्वरता बनी रहे और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि मृदा स्वास्थ्य का सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसलिए मृदा का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। सॉइल हेल्थ कार्ड के माध्यम से किसान को अपने खेत की मिट्टी में पाए जाने वाले 16 पोषक तत्वों जैसे नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, सल्फर, कार्बन, जिंक, आयरन, मैंगनीज, बोरोन आदि की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वैज्ञानिक आधार पर खाद एवं उर्वरकों का चयन किया जा सकता है। विश्लेषण परिणाम के आधार पर ग्राम पंचायत दनगढ़ के किसानों को प्रति एकड़ औसत सिफारिश मात्रा में कंपोस्ट या गोबर खाद 1.36 टन, यूरिया 47.80 किलोग्राम, डीएपी 57.60 किलोग्राम, सिंगल सुपर फास्फेट 116 किलोग्राम एवं म्युरेट ऑफ पोटाश 4.4 किलोग्राम उपयोग करने की सलाह दी गई।
वन व राजस्व भूमि का अभिलेखीकरण एवं अद्यतन करें रिकॉर्ड-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने वन विभाग की ली बैठक
मोहला 9 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में वन विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें वन विभाग में संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में एक पेड़ मां के नाम अभियान, पट्टा वितरण, नामांतरण के लंबित प्रकरण व पशुधन हानि पर आर्थिक सहायता जैसे विभिन्न विषयों पर समीक्षा की। बैठक में डीएफओ श्री दिनेश पटेल, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बैठक में वन विभाग को निर्देशित किया कि छुरिया देवी माता मंदिर परिसर मोहला में आकर्षक पुष्प पौधों का रोपण कर परिसर का सौंदर्यीकरण करें। इस दौरान उन्होंने लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने वन विभाग को राजस्व विभाग से समन्वय कर कार्य करने एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को नामांतरण प्रक्रिया की समुचित ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांतरण संबंधी प्रक्रिया की सही जानकारी होना आवश्यक है, जिससे लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो सके। बैठक में जिले की वन भूमि एवं राजस्व भूमि के भौगोलिक क्षेत्रफल पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने भौगोलिक आंकड़ों के समुचित अभिलेखीकरण एवं रिकॉर्ड को अद्यतन करने हेतु निर्देशित किया।
- निर्माण एजेंसियों की बैठक लेकर लंबित कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले के निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन, प्रगतिरत, लंबित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीजीएमएससी को जिला अस्पताल निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए सीएमएचओ कार्यालय के कार्य को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आरईएस के स्वीकृत कार्यों की जानकारी लेते हुए अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी के नवीन स्वीकृत कार्यों एवं प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग को छात्रावासों के मरम्मत कार्यों के संबंध में विशेष निर्देश दिए।
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत कोरवा में ग्राम सभा आयोजित
जनजातीय किसानों को कृषि नवाचार एवं फसल बीमा योजना की दी गई जानकारी
मोहला 9 अक्टूबर 2025
जनजातीय समुदाय के विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले में चल रहे आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत विकासखंड मोहला के ग्राम कोरवा में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, शासकीय योजनाओं और सतत कृषि पद्धतियों से जोड़ना था।
ग्राम सभा के दौरान किसानों से कृषि से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिनमें एग्रीस्टेक पंजीयन, धान की फसल में लगने वाले कीट एवं व्याधियों से बचाव के उपाय और आगामी रबी फसलों की तैयारी प्रमुख रहे। कार्यक्रम में किसानों को कीट प्रबंधन, रोग नियंत्रण की नवीन तकनीकें, उन्नत बीज चयन, फसल चक्र परिवर्तन एवं पोषक तत्व प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती इंद्राबाई कोमरे, ग्राम सरपंच श्रीमती दिलेश्वरी कोमा सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान अंतर्गत किसानों को उनकी फसल बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उनके बीमा दस्तावेज सीधे उपलब्ध कराना एवं फसल बीमा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों को समय पर बीमा पंजीयन, दावा प्रक्रिया और बीमा लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को न केवल तकनीकी जानकारी प्रदान की गई बल्कि उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।