छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
महिला का जबरन अश्लील वीडियो बनाया: 3 नाबालिग समेत 8 हिरासत में, 1 फरार
बिलाईगढ़। भटगांव थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को जबरन अश्लील हरकतें करने के लिए मजबूर किया गया और उसका वीडियो बनाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में तीन अपचारी बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और जबरन अश्लील वीडियो बनाने जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
प्राईमरी स्कूल के बच्चों से ढुलवाया गणवेश, प्रधान पाठक समेत 3 को नोटिस...
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ के देवसागर संकुल केंद्र में शिक्षकों का बड़ा लापरवाही सामने आई। यहां प्राईमरी कक्षा के बच्चों से स्कूल का सामान ढुलवाया गया। यह पूरा मामले 11 अप्रैल का है। इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने फणेन्द्र सिंह नेताम (प्रभारी विकासखंड स्त्रोत समन्वयक), फिरतराम सायतोड़े (शैक्षिक समन्वयक, संकुल देवसागर) और कार्तिकेश्वर सिंह (प्रधानपाठक, प्राथमिक शाला जेवराडीह) को नोटिस जारी कर जवाब माँगा है।
जानकारी के मुताबिक देवसागर के संकुल केंद्र में संकुल केंद्र के अंतर्गत आने वाले स्कूल के छात्रों का गणवेश शिक्षकों को वितरण किया जा रहा था। जहां संकुल केंद्र में शासकीय प्राथमिक शाला जेवराडीह के बच्चों को बुलाकर उनसे गणवेश की बोरियां उठावाई गई और उनसे काम कराया गया। इस दौरान बच्चें ने अपनी साईकिल में बोरी रखकर 2 किलोमीटर दूर जेवराडीह लेकर गए। हद तो तब हुई जब बच्चों से काम करवाया जा रहा था उस दौरान संकुल के कई शिक्षक मौजूद थे, लेकिन किसी ने एक बार भी बच्चों को काम करवाने से नहीं रोका। जब इस बात की जानकारी मीडिया को मिली मौके पर पहुँचकर, जिम्मेदारों से जवाब मांगा। जिम्मेदार शिक्षक मीडिया को गोल मोल जवाब दिया और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। लेकिन मौके पर मौजूद संकुल प्रभारी ने बच्चों से काम करवाना गलत माना।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन के रूप में गंभीरता से लिया है और स्पष्ट किया है कि अगर आरोप सही पाए गए, तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि संबंधित विद्यालय प्रमुख स्वयं उपस्थित होकर 3 दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें। ऐसा न करने की स्थिति में यह माना जाएगा कि वे दोषी हैं और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह पत्र 11 अप्रैल को जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर, संचालक शिक्षा संचालनालय, और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।
ग्राम पंचायतों में 14 को होगा ग्राम सभा और अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा-6 में ग्राम सभा का प्रत्येक तीन मास में कम से कम एक सम्मिलन आयोजित करने का प्रावधान है। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने निर्धारित तिथि 14 अप्रैल, 20 अगस्त एवं 02 अक्टूबर के अतिरिक्त प्रतिवर्ष माह जून एवं नवम्बर में सुविधाजनक तिथियों में प्रत्येक ग्राम में ग्रामसभा का आयोजन अनिवार्य करने और 14 अप्रैल को आयोजित ग्रामसभा में बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती मनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ साथ कई बिंदुओं पर चर्चा कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश हैं, जिसमें मनरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 के कार्य स्वीकृति हेतु तैयार लेबर बजट का वाचन एवं चर्चा, ग्रामसभा से प्रस्ताव प्राप्त करने तथाा संगम अभियान के तहत् 03 वर्षों की कार्य योजना तैयार करने पर विशेष चर्चा किया जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत जिन हितग्राहियों का आवास आज पर्यन्त तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन आवास को ग्रामसभा में अपात्र करने का प्रस्ताव पारित किया जाए। जल जीवन मिशन के प्रगति की समीक्षा की जाए, घर-घर कचरा संग्रहण पर चर्चा किया जाए,
ग्राम पंचायत के घरों से, ग्राम पंचायत में स्थित दुकान, ग्राम में लगने वाले हाट बजार, शादी एवं अन्य कार्यक्रम से निकलने वाले कचरे आदि के लिए ग्रामसभा में चर्चा कर शुल्क निर्धारित किया जाये। यदि ग्राम के सार्वजनिक स्थानों पर कोई कचरा फेकता है तो उस पर जुर्माना लगाने के संबंध चर्चा कर शुल्क निर्धारित किया जाये, सामुदायिक शौचालय, कचरा पृथक्करण शेड निर्माण, आंगनबाडी भवन निर्माण के प्रगति पर चर्चा किया जाए, सामुदायिक शौचालय के प्रबंधन के संचालन के लिए किसी महिला समूह को सौंपा जाये, सामुदायिक शौचालय में स्थित दुकान को उस महिला समूह को सौंपा जाये। इससे प्राप्त आमदनी के माध्यम से सामुदयिक शौचालय की साफ-सफाई महिला समूह द्वारा किया जाये।
कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने जिले के सरपंच सचिव को ग्राम सभा आयोजन की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के विशेष ग्रामसभा में अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति हो। इसके लिए मुनादी कराने और कार्यक्रम के अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकाडिंग कर 'ग्रामसभा निर्णय (जीएस निर्णय) मोबाईल एप्प में अपलोड करें।
जिला पंचायत भवन सारंगढ़ में 14 को होगा सामाजिक समरसता कार्यक्रम
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । जिला पंचायत भवन सारंगढ़ के सभाकक्ष में 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री का वर्चुअल उदबोधन का प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत, डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करना, कम से कम 10 समाज प्रमुखों को मंचासीन कराकर माननीय सांसद, विधायक,जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष से स्वागत करना, ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केन्द्र हेतु प्रति विकासखण्ड से आहूत 10-10 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सीएससी के सर्विस प्रदाता के मध्य एमओयू की कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही साथ 24 अप्रैल 2025 को पंचायत राज दिवस के अवसर पर अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के शुभारंभ की जानकारी प्रदान करना, जिन पंचायतों में पहले से पीएम आवास ग्रामीण योजना के पंचायत-एंबेसडर हैं, उन्हें विशेष रूप से कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
जिन पंचायतों में अब तक कोई पंचायत-एंबेसडर नियुक्त नहीं हुआ है, वहाँ उपयुक्त व्यक्ति को चयनित कर एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण विशेष पखवाड़ा "मोर दुवार साय सरकार" महाभियान (15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक) की जानकारी हितग्राहियों को देना और उन्हें पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। भू-जल स्तर के सम्बन्ध में जानकारी देना तथा वाटर हार्वेस्टिंग बनाने हेतु सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
खनिज नियमों के उल्लंघन पर 4 क्रेशर नोटिस के साथ सील हुए
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू द्वारा दिये गये निर्देश एवं खनि अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में वायु प्रदूषण के रोकथाम हेतु बिलाईगढ़ क्षेत्र का जिले के खनि अमला द्वारा गुरुवार को आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
गौण खनिज चूना पत्थर के स्वीकृत भंडारणो का मौका निरीक्षण दौरान अनियमितता पाए जाने पर मेसर्स मित्तल स्टोन क्रशर प्रो. सुरेश अग्रवाल को ग्राम बिलाईगढ़, मेसर्स नरसिंह स्टोन क्रशर प्रो. नरसिंह देवांगन को ग्राम छपोरा, श्याम स्टोन क्रशर प्रो. मदन सिंघानिया को ग्राम बिलाईगढ़ एवं मेसर्स गणेश स्टोन क्रशर प्रो. गोविंद शर्मा को ग्राम गोविंदवन कुल 04 क्रेशर को नोटिस दिया गया और मौके पर सील किया गया। यह कार्यवाही छ्त्तीसगढ़ खनिज (खनन,परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत की गयी। साथ ही अवैध उत्खनन परिवहन एवं भण्डारण की कार्यवाही आगे भी निरंतर कलेक्टर के निर्देश पर किया जाएगा। मौके पर निरीक्षण के दौरान जांच टीम में प्रभारी खनि निरीक्षक दीपक पटेल, लक्ष्मी नारायण घृतलहरे के साथ अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
राज्यपाल रमेन डेका ने सारंगढ़ कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली
सारंगढ़ बिलाईगढ़। राज्यपाल रमेन डेका के सारंगढ़ प्रवास पर कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर धर्मेश साहू, एसपी पुष्कर शर्मा सहित जिले के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
जल संरक्षण : पानी और महिला को सर्वोच्च प्राथमिकता से संरक्षण देने के लिए राज्यपाल ने अधिकारियों को कहा। राज्यपाल ने जल संरक्षण और ग्राउंड लेवल वाटर के लिए जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं पंचायती विभाग को नदी, नहर, चेकडैम, तालाब, डबरी, कुआं, वाटरशेड आदि के माध्यम से जल संरक्षण करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि नदियों को बहने दें, नदियां अपने आप साफ हो जाएंगे। वन विभाग के कैम्पा मद और पंचायत विभाग के मनरेगा जैसे कार्यों से जल संरक्षण की दिशा में कार्य करें।
अपने से संबंधित फील्ड में जाएं अधिकारी
राज्यपाल ने वन मंडल अधिकारी पुष्प लता टंडन से पूछे कि, पिछले 6 महीने में आप कितनी बार कौन सा जंगल गए हैं ? डीएफओ टंडन ने बताया कि वह बिलाईगढ़ के जंगल गई थीं। राज्यपाल ने कहा कि हमें नियमित रूप से अपने-अपने फील्ड जाते रहने चाहिए। फील्ड में जाने पर फील्ड की जानकारी होगी।
वृक्षारोपण जैसे कार्यों में समाज की सहभागिता जरूरी
राज्यपाल ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में समाज को शामिल नहीं करते हैं। जैसे वृक्षारोपण में समाज का बहुत बड़ा योगदान हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह बस्तर, बालोद, बलौदा बाजार सुकमा जैसे जिलों का दौरा किए हैं, जहां सुकमा में जाने पर वहां के स्थानीय लोग किस कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं उन सब की जानकारी हुई। वहां के स्थानीय नागरिकों ने कहा कि आज तक कोई राज्यपाल सुकमा में नहीं आया है।
खेती
राज्यपाल को ब्लैक, ब्राउन, चावल उत्पादन, मिलेट मिशन, वर्मी कंपोस्ट आदि के संबंध में उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने जानकारी दी।
योजनाओं से सुलभ शौचालय बनाएं
राज्यपाल ने कहा कि दिल्ली और उत्तराखंड में बहुत अच्छा काम हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर सुलभ शौचालय का सेटअप रेलवे बस स्टैंड जैसे अन्य जगहों पर होना चाहिए, जहां आम नागरिक निशुल्क सुबह नहा कर अपने दिनचर्या पर निकल जाए। इस प्रकार की सुविधा जिला प्रशासन की ओर से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को इस मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। उन जरूरत मंद लोगों को सुलभ शौचालय जैसे सामाजिक सुविधा देना होगा। इससे समाज में राज्य सरकार और जिला प्रशासन का अच्छा संदेश जाएगा और उसको हमेशा यथावत बने रखने के लिए सुदृढ़ व्यवस्था करना होगा।
अधिकारियों को अपने विभाग की जानकारी होनी चाहिए
राज्यपाल ने सीएमएचओ डॉक्टर एफ आर निराला से टीबी मरीज को दिए जा रहे हैं सहयोग राशि किस योजना से आ रहा है, के संबंध में जानकारी लिया। सीएमएचओ के त्वरित रूप से जानकारी नहीं देने पर राज्यपाल ने कहा कि किसी भी अधिकारी को कौन सी योजना से कितनी राशि हितग्राहियों को मिल रही है जैसी मूलभूत जानकारी होनी चाहिए। अधिकारियों में हुमन टच होना चाहिए।
श्रमिक बच्चों की देखरेख की जानकारी
श्रम विभाग की ओर से किए जा रहे योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के संबंध में राज्यपाल ने पूछा कि फैक्ट्री, खेत और अन्य क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिक के बच्चों के लिए क्या किया जा रहा है।
राज्यपाल द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल के कार्यों की सराहना
जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल ने बताया कि श्रमिक बच्चों को स्कूल शिक्षा विभाग के योजनाओं के माध्यम से शिक्षा दे रहे हैं और उनके प्रोग्रेस के संबंध में उनके पालक को जानकारी दे रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के जवाब से राज्यपाल ने कहा वेरी गुड, आप अच्छा काम कर रहे हैं।
आत्महत्या को रोकने के जागरूकता और मनोविकास
राज्यपाल ने 11वीं और 12वीं कक्षा के और बहुत सारे आश्रम छात्रावास में रहने वाले बच्चों के मनोवैज्ञानिक की जांच करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजकल आत्महत्या जैसे कई समाचार देखने सुनने को मिलता है। स्कूल कॉलेज आश्रम आदि के बच्चों में सुसाइड से बचने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। सभी संबंधित विभाग, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास, स्वास्थ्य विभाग सभी बच्चों का हेल्थ चेकअप कराएं। बच्चों का मनोविकास करें, उनकी जानकारी लें। यदि वे सुसाइड करने की कोशिश या अपने जीवन से दुखी है तो उसे मनोवैज्ञानिक ढंग से जीवन के प्रति उत्साह, रुचि जगाने जैसे कार्यक्रम में शामिल करें।
युवाओं को प्लंबर इलेक्ट्रीशियन जैसे रोजगार का प्रशिक्षण दें
राज्यपाल ने कहा कि यदि कोई बच्चा 10वीं, 11वी, 12वीं जैसे कक्षाओं में फेल हो जाता है तो उसे कौशल विकास के तहत प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन जैसे काम सीखना राज्य शासन और जिला प्रशासन का दायित्व है। बच्चों को यह शिक्षा दें कि हर कोई बड़े पद में शिक्षित होने के बावजूद नियुक्त नहीं हो पाते हैं। इसलिए अपने से अपने रुचि के अनुसार प्लंबर इलेक्ट्रीशियन ड्राइवर दर्जी आदि क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर काम करें। आज सभी क्षेत्रों में चाहे वह घरेलू या किसी फैक्ट्री में भी प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन आदि के रोजगार के अवसर हैं।
एनसीसी और रेडक्रॉस
राज्यपाल ने एनसीसी में स्कूली और कॉलेज के बच्चों की भागीदारी और उसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि एनसीसी से बच्चा अनुशासन सीखता है जो नियमित रूप से उसके जीवन में शामिल हो जाता है। इससे वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होता है। उन्होंने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि मैं एनसीसी में रहा हूं और वह बचपन के दिन मुझे आज भी याद है। अनुशासन और नियमित जीवन दिनचर्या को देखकर दूसरे लोग भी अनुशासन सीखते हैं।
छत्तीसगढ़ में टूरिज्म को बढ़ावा दें
बैठक में उपसंचालक समाज कल्याण विनय तिवारी के द्वारा सारंगढ़ राजमहल के इतिहास की जानकारी देने पर राज्यपाल ने कहा की छत्तीसगढ़ में बढ़िया स्पॉट है, पर टूरिस्ट नहीं है। हमें पूरे छत्तीसगढ़ में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम करना होगा। यहां के धरोहर को टूरिज्म में जोड़कर अच्छा सेटअप तैयार करना होगा।जिला प्रशासन द्वारा अपने जिले में इस प्रकार के टूरिज्म सेक्टर को डेवलप करें जिससे कम से कम पड़ोसी जिले के लोग आएंगे और रोजगार मिलेगा।
वृद्ध आश्रम में समाज की सहभागिता
राज्यपाल ने वृद्ध आश्रम के संबंध में कहा कि आप सभी अधिकारी और रेडक्रॉस की समिति के सदस्य कितनी बार वृद्ध आश्रम गए हैं। आप सभी लोग वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्ग को समाज से जोड़ने के लिए वहां दौरा करें और समाज के उदार, समाजसेवी नागरिकों को वृद्ध आश्रम में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। रायपुर में संचालित अपना घर बुजुर्गों के लिए सेवा का एक अच्छा उदाहरण है।
समाज कल्याण के कार्य
राज्यपाल ने भिखारी के जीवन यापन के व्यवस्था के लिए कहा कि उनकी इस प्रकार की व्यवस्था की जाए कि वह रास्ते में भीख नहीं मांगे। पागल या मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है, उन्हें शासकीय मानसिक चिकित्सालय बिलासपुर भेजने की व्यवस्था की जाए।
ग्रामीण महिलाओं की तरह शहरी महिलाओं की रोजगार की व्यवस्था
राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के लिए जिस प्रकार कपड़ा सिलाई, स्व सहायता समूह आदि के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे ही रोजगार की उपलब्धता शहरी महिलाओं के लिए करें। राज्यपाल ने बताया कि उन्हें मुलाकात के दौरान शहरी महिलाओं ने कहा कि, हम शहरी महिलाओं को भी काम मिले, उनके लिए भी रोजगार के अवसर होनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि सभी नगरीय निकाय अपने-अपने क्षेत्र में शहरी महिलाओं को कपड़ा सिलाई कैटरिंग खाद्य, होटल, रेस्टोरेंट, बर्तन भंडार के क्षेत्र में प्रशिक्षण दें और उन्हें सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि कैटरिंग का काम मामूली नहीं है। दिल्ली और बड़े शहरों में इसके रोजगार के बहुत अवसर हैं। नवाचार में नया काम करना चाहिए। बाजार में बहुत कंपटीशन है। इसलिए सभी महिलाओं को कैटरिंग जैसे कार्यों के लिए एक निर्धारित जगह तय करना होगा, जहां वह निर्धारित समय में आकर काम करें, जिससे उनके घर परिवार और स्वयं को आर्थिक लाभ मिले।
अज्ञात जनसेवकों का प्रचार प्रसार
राज्यपाल ने जिला पंचायत सीईओ को कहा कि, बहुत सारे अज्ञात लोग लोगों की भलाई के लिए अच्छा काम कर रहे हैं, वे किसी को प्रशिक्षण दे रहे हैं या सेवा दे रहे हैं उन अज्ञात नागरिकों को मीडिया में जानकारी दें।
महिलाओं को प्रोत्साहन
राज्यपाल ने पानी और महिलाओं को महत्वपूर्ण बताया। लखपति दीदी और ड्रोन लखपति दीदी के संबंध में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन को राज्यपाल ने कहा कि आप तुलसी मालाकार, जो फूल बेचकर लखपति हुई है। उनके गांव जाकर उन्हें प्रोत्साहित करें उन्होंने कहा कि पैसा, आइडिया और टेक्निकल ज्ञान से काम करना चाहिए। होली में रंग बनाने, राखी त्यौहार में राखी बनाना चाहिए।
पशुधन विकास विभाग की तारीफ
लोगों को योजना से बकरी प्रदाय की जानकारी देने पर राज्यपाल ने पशुधन विकास विभाग की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पशु पालन में भी रोजगार के अवसर हैं, ग्रामीणों को उपलब्ध कराएं।
शिकायत पर कार्रवाई करें
राज्यपाल ने गांजा शराब आदि तस्करी के मामले में कलेक्टर और एसपी को कहा कि वह लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करें।
हेलमेट पहनने की आदत के लिए कैंप
राज्यपाल ने एसपी से सुसाइड की संख्या और ट्रैफिक के संबंध में जानकारी पूछा। राज्यपाल ने कहा कि आप नागरिकों में हेलमेट पहनने की आदत को बनाने के लिए उनको यातायात जागरूकता का कैंप शिविर कराएं। गांव और शहर वालों को दो-तीन दिन चेक पोस्ट बनाकर उनकी गाड़ी को जमा करें और दो-तीन दिन में उन्हें गाड़ी के कागजात लाने के लिए तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए समय दें।
तेज ड्राइविंग पर रोक
राज्यपाल ने कहा कि बच्चों में तेज (रश) ड्राइविंग को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि तेज ड्राइविंग से बच्चों एवं अन्य नागरिकों की मृत्यु ना हो।
जिले की मूलभूत समस्या
राज्यपाल ने कलेक्टर से जिले की मूलभूत समस्या के बारे में पूछा। कलेक्टर धर्मेश साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि, सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला दो जिलों के विभाजन से बना है जिसके कारण यहां पर्याप्त अधिकारी कर्मचारी नहीं है और दोनों जिले का संभाग पूर्व में अलग-अलग था जिसकी वजह से कार्य करने में असुविधा होती है। राज्यपाल ने कहा कि यह अभी यह निर्माणाधीन जिला है। सभी अच्छे से काम करिए।
रोगों का सर्वे
सिकल सेल के लिए राज्यपाल ने कहा कि लोगों को सिकल सेल के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएं और जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि आप अपने जिले में सिकलसेल का सर्वे में मेडिकल स्टूडेंट को शामिल करें। उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर के सर्वे करने के लिए किसी कार्यक्रम योजना के तहत करने के निर्देश दिए।
देश की प्रगति में मन लगाकर काम करें
राज्यपाल ने कहा कि मैं ग्राउंड लेवल का मैदानी आदमी हूं। मुझे देश के बारे में जानकारी है। राज्यपाल ने देश के उन्नति और विकास के लिए कहा कि हमारा देश गरीब देश नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक का योगदान की जरूरत है। सभी को अपने काम में मन लगाकर काम करने से, उद्योग, कृषि एवं अन्य क्षेत्र की प्रगति से हमारा देश निरंतर आगे बढ़ेगा। सरकार की ओर से कई प्रकार के योजनाओं से जोड़कर हम, समाज, जिला, राज्य और देश की उन्नति कर सकते हैं। जैसे किसी बंजर जमीन पर मनरेगा या अन्य किसी योजना से तालाब गहरी कर वहां रोजगार के अवसर मछली पालन आदि कर सकते हैं।
पानी और महिलाएं दोनों महत्वपूर्ण
उन्होंने कहा कि पानी और महिलाएं दोनों महत्वपूर्ण होते हैं। पानी और महिला का बचाव करें। राज्यपाल ने कहा कि वे बहुत सारे संस्थाओं और विद्यार्थियों को राजभवन, राज्यपाल की ओर से सहयोग किए हैं।
राज्यपाल रमेन डेका ने मां के नाम एक पौधारोपण किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सारंगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में वन विभाग द्वारा आयोजित एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी मां स्वर्गीय श्रीमती चंपावती डेका के नाम एक पौधारोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर धर्मेश कुुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, डीएफओ पुष्पलता टंडन, अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे उपस्थित थे।
राज्यपाल रमेन डेका के सारंगढ़ आगमन पर दी गई सलामी
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । पांच दशक के बाद सारंगढ़ शहर और वर्तमान सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के जिला मुख्यालय में राज्य के राज्यपाल रमेन डेका ने स्व-प्रेरणा से समय देकर जिले के नागरिकों को मिल रही सुविधाओं का आंकलन करने सोमवार को सारंगढ़ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कलेक्टर धर्मेश कुुमार साहू एवं पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। इसके तुरंत बाद पुलिस बल के दल द्वारा राज्यपाल को सलामी दी गई। दोपहर में राजभवन रवानगी के समय भी राज्यपाल को पुनः सलामी दी गई।
कलेक्टर धर्मेश साहू ने जिला कोषालय के 31 मार्च तक का रिकॉर्ड चेक किया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । जिले के प्रशासनिक जिलाध्यक्ष धर्मेश कुमार साहू ने सारंगढ़ के तहसील कार्यालय परिसर स्थित जिला कोषालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दृढ़कक्ष का निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन 31 मार्च 2025 की स्थिति में किया। छ.ग. कोषालय संहिता भाग-एक के सहायक नियम-39 के अनुसार यह निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें स्टाम्प टिकट, रेवेन्यू टिकट, कोर्ट टिकट, आदि स्टाम्प तथा बहुमुल्य वस्तुओं का भौतिक सत्यापन किया गया और लगभग 18 वित्तीय रजिस्टर में कलेक्टर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे, तहसीलदार मनीष सूर्यवंशी, सहायक कोषालय अधिकारी हरिराम पटेल, सहायक ग्रेड 1 एस के साहू, खजाना प्रभारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि प्रति वर्ष में दो बार यह सत्यापन 31 मार्च एवं 30 सितम्बर की स्थिति में किया जाता है।
कलेक्टर ने आगामी दिनों के कार्यों की समीक्षा की
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने जिले में आगामी दिनों में होने वाले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के दौरे, जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर और अन्य आवश्यक कार्यों का समीक्षा किया। राज्यपाल के दौरे से संबंधित तैयारियों में रेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था, सलामी, कलेक्टर सहित जिला अधिकारियों के साथ प्रकृति के जल संरक्षण, पौधारोपण, जैविक खेती, राष्ट्रप्रेम में एनसीसी, स्वस्थ जीवन शैली हेतु स्वच्छ वातावरण, योग, बालक बालिका को समान व्यवहार, शिक्षा, रोगों को दूर करने सामाजिक चेतना, ग्रामीण और शहरी महिलाओं, वृद्धों और भिक्षुको के लिए समुचित व्यवस्था, जिला शाखा रेडक्रॉस की गतिविधियों, सहकारिता, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, वनवासी क्षेत्र में शिक्षा और चिकित्सा सुविधा आदि के संबंध में प्रस्तावित बैठक में विभागीय जानकारी सहित कार्यक्रम में वितरण आदि की रूपरेखा तैयार किया गया।
कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने आकस्मिक बारिश को ध्यान में रखते हुए समितियों से धान उठाव करने एवं खरीदे हुए धान की ढकने के लिए मार्कफेड अधिकारी शीतल कुमार भोई को निर्देश दिए। वर्तमान में 99.94 प्रतिशत धान का उठाव किया जा चुका है। कलेक्टर ने राजस्व विभाग से आर आई, पटवारी, कोटवार, कृषि विभाग से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और सीएससी ऑपरेटर के संयुक्त अभियान से फॉर्मर रजिस्ट्रेशन कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि फॉर्मर रजिस्ट्रेशन होने पर सभी किसानों को सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। रबी फसल के लिए खाद की उपलब्धता पर उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने कलेक्टर को जानकारी दी कि डीएपी खाद के स्थान पर एसएसपी खाद का छिड़काव करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
7524 हितग्राहियों को पीएम आवास में सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में बिलासपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से छत्तीसगढ़ के 3 लाख हितग्राहियों के सामूहिक महा गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजन किया गया है। इसी तारतम्य में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिले में 7524 हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया, जिसमें बरमकेला ब्लॉक में 2493, सारंगढ़ ब्लॉक में 3670 और बिलाईगढ़ ब्लॉक में 1361 हितग्राही शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दिसम्बर 2023 से अब तक 14 माह में छत्तीसगढ़ राज्य में 3 लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
बिलाईगढ़ क्षेत्र के गांवों में 29 मार्च को होगा आधार कैंप
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । धरती आबा ग्राम के तहत 29 मार्च को बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सलिहा, दयालपुर, भोगडीह, गारडीह, पिरदा, खुरदरहा, बघमल्ला, बोडाडीह, चारपाली और तेंदूदरहा सहित उनके आश्रित गांव में आधार कैंप आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह दहेज प्रथा को बंद करने का प्रभावी कदम : चौधरी
सारंगढ बिलाईगढ़ । सारंगढ़ के मंडी प्रांगण में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह का आयोजन एकादशी के पावन तिथि में किया गया। सुबह से मंडी परिसर में वर वधु के परिजनों से भीड़भाड़ रहा। इस विवाह में राज्य शासन की ओर से वधु के बैंक खाता में 35 हजार रुपए का अनुदान दो तीन दिन में ऑनलाइन दिया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में वेदी के अग्निकुंड में शादी के फेरे सहित सिंदूर बंदन, जयमाला और मंगलसूत्र का रस्म पूरा किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए। इस अवसर पर वर वधु को 35 हजार का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। वित्त मंत्री ने सभी नव वर वधु जोड़े को विवाह की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि यह शासकीय आयोजन सिर्फ अनुदान के लिए नहीं है, बल्कि देश और समाज में दहेज रूपी फैले कुरीति को मिटाना है। आज 218 युवा जोड़े और उनके पालकों ने समाज सुधार की दिशा में एक कदम उठाया है जो भविष्य के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस अवसर पर पूर्व विधायक केरा बाई मनहर, गुरपाल भल्ला, ज्योति पटेल, जगन्नाथ पाणिग्राही, सुभाष जालान, कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा उपस्थित थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 12 सदस्यों ने ली शपथ
सारंगढ बिलाईगढ़ । जिला पंचायत सारंगढ़ बिलाईगढ़ के द्वारा जिला पंचायत स्थापना और प्रथम कार्यकाल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का प्रथम सम्मिलन कार्यक्रम वित्त मंत्री ओपी चौधरी और संपत अग्रवाल विधायक बसना के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। प्रथम सम्मिलन के कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक और निर्वाचित अन्य 12 जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जिला के मुताबिक जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ विकास नहीं कर पाया है। अभी कलेक्टर कार्यालय का संयुक्त भवन, एसपी कार्यालय सहित अन्य जिला स्तरीय कार्य बाकी है, जिसे पक्ष और विपक्ष के सभी नागरिकों पदाधिकारियों और प्रशासन को मिलकर काम करना है। इससे निश्चित ही विकास होगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक केरा बाई मनहर, शमशेर सिंह, जवाहर नायक, गुरपाल सिंह भल्ला, ज्योति पटेल, जगन्नाथ पाणिग्राही, कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, अपर कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे सहित पक्ष विपक्ष के सदस्य, निर्वाचित सदस्यों के परिजन, पत्रकारगण उपस्थित थे।
पशु मेला प्रदर्शनी में उत्साहित होकर शामिल हुए पशुपालक
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । पशुधन विकास विभाग द्वारा द्वितीय जिला स्तरीय पशु मेला व प्रदर्शनी का आयोजन ग्राम झनकपुर में रविवार को किया गया। इस आयोजन में दुधारु गाय, उन्नत नस्ल के बछड़ा , बछिया, बैल, भैंस, उन्नत नस्ल के बकरे, मुर्गे की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न वर्ग के लिए प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में आसपास के पशुपालक किसानों ने भाग लिया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक, विशिष्ट अतिथि सरपंच संतोषी चौहान, जयकिशन पटेल शामिल हुए।
मेला प्रदर्शनी के तहत चारा प्रसंस्करण, यूरिया उपचार, साइलेज निर्माण व अजोला उत्पादन के अलग-अलग स्टाल लगाया गया था। स्टालों में जाकर किसानों व आंगतुक अतिथियों ने उनके प्रोसेस की जानकारी ली।कार्यक्रम में पहुंचे पशुओं का टीकाकरण किया गया और किसी भी बीमारी का तुरंत उपचार कराया गया। वही अन्य गंभीर बीमारी के लक्षण पाए जाने पर पशु चिकित्सालय ले जाने की सलाह दी गई। इस मेला में महेश नायक, लिंगराज पटेल, उप संचालक डॉ. एम के पाण्डेय, डॉ. नरेश खुंटे, डॉ. भारती पटेल, डॉ. युगेश चौधरी, डॉ. मोरध्वज सिदार, डॉ. पंकज पटेल, आर बी तिवारी व पशुपालक किसान शामिल हुए।
पशुपालकों को बांटे गए पुरस्कार
चयन समिति के निर्णायक पदाधिकारियों ने प्रत्येक वर्ग की प्रतियोगिता में पशुओं के उन्नत नस्ल व उत्तम स्वास्थ्य के आधार पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर आने वाले पशुपालकों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। दुधारु गाय वर्ग से परस राम नायक, राजू पटेल, जयलाल साहू पुरुस्कृत हुए। बछिया वर्ग से योगेन्द्र नायक, रजत नायक, उग्रसेन नायक पुरस्कृत किया गया। इसी तरह कुक्कुट पालन और भेड़ - बकरी पालन के लिए अन्य 6 किसानों को प्रशस्ति पत्र के साथ पुरस्कार प्रदान किया गया। इस आयोजन में पशुपालक किसान उत्साहित होकर शामिल हुए।
विश्व जल दिवस पर जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । विश्व जल दिवस के अवसर पर जिले के कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी अधिकारी रमाशंकर कश्यप के नेतृत्व में सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत बटाऊपाली (ब) के ग्राम तिलाईपाली में जल सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, रायगढ़ जिला के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजेश अग्रवाल, सरपंच फूलबाई सिदार, सहायक अभियंता भीमलाल खरे, उप अभियंता शेखर सिंह कंवर, समस्त कर्मचारीगण सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।
विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण जनों को जानकारी दी गई कि जल के महत्व के बारे में जल संरक्षण और उसको कैसे हम सही ढंग से उपयोग करें। जिससे जल की बर्बादी ना हो इसके बारे में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न कार्यक्रम रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकारी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल को बचाने के लिए ग्रामीण जनों को शपथ दिलाया गया।
जिला पंचायत के कार्यक्रम में शामिल होंगे मंत्री ओपी चौधरी और टंकराम वर्मा
जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 12 सदस्य लेंगे शपथ
सारंगढ बिलाईगढ़। जिला पंचायत सारंगढ़ बिलाईगढ़ के द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का प्रथम सम्मिलन समारोह 25 मार्च को दोपहर 2:30 बजे मंगलवार को संपन्न होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी (वित्त मंत्री) के मुख्य आतिथ्य, टंकराम वर्मा प्रभारी सह राजस्व एवं युवा कल्याण खेलकूद मंत्री के अति विशिष्ट आतिथ्य में तथा देवेंद्र प्रताप सिंह सांसद राज्यसभा, राधेश्याम राठिया सांसद रायगढ़, कमलेश जांगड़े जांजगीर चांपा सांसद, उत्तरी जांगड़े विधायक सारंगढ़, कविता लहरें विधायक बिलाईगढ़, संपत अग्रवाल विधायक बसना, सौरभ सिंह पूर्व विधायक अकलतरा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा।
प्रथम सम्मिलन का यह कार्यक्रम जिला पंचायत कार्यालय के समक्ष खेलभाटा मैदान में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय की अध्यक्षता में एवं उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक और निर्वाचित अन्य 12 जिला पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न होगा।