नगरदा में उत्साह से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
बिलाईगढ़ । ग्राम पंचायत नगरदा में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पंचायत भवन परिसर में सरपंच अर्जुन लाल साहू ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद खुले आसमान में गुब्बारे उड़ाकर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उप सरपंच संतोष बंजारे, जनसेवक अनिल गजेंद्र श्रीवास, पंचायत सचिव रोहित पटेल, रोजगार सहायक, गांव कोटवार, पंच एवं पंच प्रतिनिधि, मितानिन दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्राम विकास को लेकर हुआ मंथन
ध्वजारोहण के बाद पंचायत भवन में ग्राम विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने गांव के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। वर्षा जल संरक्षण, वृहद वृक्षारोपण, फसलों को आवारा मवेशियों से बचाने, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
ग्रामीणों ने गांव की गलियों और मोहल्लों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ सभी नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। बैठक में बाल विवाह, अवैध नशे, शराब और जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर भी विचार रखे गए।
नशामुक्त गांव बनाए रखने का संकल्प
बताया गया कि अर्जुन साहू के सरपंच पद संभालने के बाद से ग्राम पंचायत नगरदा में अवैध शराब और जुए पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने इन प्रयासों को आगे भी सामूहिक सहभागिता से जारी रखते हुए नगरदा को नशामुक्त गांव बनाए रखने का संकल्प लिया।
शिक्षा और रोजगार पर भी जोर
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा हर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मिल-जुलकर काम करने की बात कही गई।
ग्रामीणों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि गांव और समाज के विकास के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है। एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में भाला की भावना के साथ एकजुट होकर सुंदर, स्वच्छ, शिक्षित और नशामुक्त नगरदा बनाने का संकल्प लिया गया।