छत्तीसगढ़ / बस्तर
जगदलपुर में गणतंत्र दिवस की तैयारी का अंतिम रिहर्सल
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
जगदलपुर । उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गणतंत्र दिवस पर जगदलपुर के लालबाग में ध्वजारोहण करेंगे। गणतंत्र दिवस की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल शुक्रवार को किया गया। मुख्य अतिथि की भूमिका में अपर कलेक्टर सी पी बघेल रहे, उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर हरिस एस , पुलिस अधीक्षक शलभ सिंहा एवं जिला व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने तैयारी के संबंध में कमीबेशी को समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस वर्ष परेड की कमान डीएसपी प्रवीण भारती कर रहे है।जो 15 टुकड़ी को कमांड करते हुए मार्चपास्ट करेंगे। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दिया जाएगा और विभागों के शासकीय योजनाओं से सम्बंधित झाँकी का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक प्रस्तुति को अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ली गई शपथ
गणतंत्र दिवस की अंतिम रिहर्सल के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) की मतदान करने की शपथ ली गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस एस ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों, स्कूली बच्चों को मतदान कर लोकतंत्र के पर्व सहभागिता निभाने की शपथ दिलवाई।
कर्ज न चुकाने वाले स्थानीय निकाय-पंचायत चुनाव में उम्मीदवार नहीं बन सकेंगे
जगदलपुर। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति जगदलपुर द्वारा राष्ट्रीय निगम की विभिन्न योजनान्तर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं सफाई कामगार वर्ग के हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित कर आय संवर्धन करने हेतु कम ब्याज दर पर ऋण प्रदाय किया गया है, किंतु अनेक हितग्रहियों द्वारा उक्त वितरित ऋण से पर्याप्त आय अर्जित करने तथा ऋण राशि कालातीत होने के पश्चात भी ऋण राशि को जमा करने में रूचि नहीं लिया जा रहा है। अतएव सभी वर्गों के हितग्राहियों से ली गई ऋण राशि को नियमित रूप से अदा करने की अपील की गई है। ऋण आदायगी में लापरवाही करने वाले हितग्राहियों एवं जमानतदारों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में स्थानीय नगरीय निकाय निर्वाचन एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन संपन्न होना है। जो हितग्राही नगर निकाय और पंचायत निर्वाचन लड़ने के इच्छुक हैं, उनके लिए ऋण वसूली की प्रक्रिया को और अधिक सख्त किया गया है। ऐसे हितग्राही को निर्वाचन नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले विभाग से ऋण मुक्त प्रमाण पत्र एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ऋण अदायगी नहीं करने पर सम्बन्धित का नामांकन रदद् किया जावेगा।
वहीं जो हितग्राही जानबूझकर ऋण राशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। इसमें आरआरसी के तहत बंधक जमीन की कुर्की एवं नीलामी तथा पोस्ट-डेटेड चेक पर धारा 138 के तहत न्यायालय में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शामिल की जा रही है। इस प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित हितग्राही स्वयं जिम्मेदार होगें। हितग्राहियों से अपील है कि वे शीघ्र अपनी बकाया राशि विभागीय कार्यालय में जमा कर विभाग द्वारा तय नियमों का पालन करें।
निकाय चुनाव के लिए व्यय प्रेक्षक नियुक्त
जगदलपुर । राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के द्वारा नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के तहत बस्तर जिले के लिए वरिष्ठ लेखाधिकारी कार्यालय आयुक्त वाणिज्यिक कर छत्तीसगढ़ दुर्योधन महानन्द मोबाईल नम्बर 90271-55547 को व्यय प्रेक्षक नियुक्त किये जाने के फलस्वरूप नाम निर्दिष्ट प्रेक्षक की व्यवस्था एवं समन्वय हेतु उप अभियंता नगर पालिक निगम जगदलपुर अमर सिंह मोबाइल नंबर 94255-95846 को लाइजनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
जगदलपुर । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस एस के द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 के तहत जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन क्षेत्र के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने एवं उससे संबंधित अन्य समस्त कार्यों के सम्पादन हेतु अपर कलेक्टर जगदलपुर ऋषिकेश तिवारी को रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) नियुक्त किया गया है। वहीं पूर्व में जारी आदेश को संशोधित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिला बस्तर को रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तहत कोलाहल नियंत्रण अधिनियम प्रभावशील
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 की घोषणा किये जाने के साथ ही जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है तथा निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा जारी निर्देशों के पालन सहित निर्वाचन कार्य स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए लोक हित में यह आवश्यक हो गया कि निर्वाचन की कार्यवाही के समापन होने तक सम्पूर्ण जिले की नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र की सीमा में तीव्र संगीत, ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा कोलाहल को प्रतिबंधित किया जाए। इसे मद्देनजर रखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हरिस एस द्वारा छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 की धारा 10 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सभी प्रकार की तीव्र आवाजें, तीव्र संगीत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, मोटर यान के विद्युत हार्न से उत्पन्न होने वाले कोलाहल एवं मानवजनित और मशीन द्वारा कारित कोलाहल जिससे सामान्य व्यक्ति घबरा जायें या जिसे सुनकर व्यक्ति क्षोभ कारित हो, को प्रतिबंधित किया गया है।
लेकिन निर्वाचन के प्रयोजन के लिए सम्पूर्ण निर्वाचन अवधि के दौरान प्रातः 06 बजे से रात 10 बजे तक किसी भी क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र को धीमी आवाज में प्रयोग करने की अनुमति शर्तों के अधीन दी जाएगी। जिसके तहत उक्त समयावधि में किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग तभी किया जा सकेगा जब उससे छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का उलंघन न होता हो। चलित वाहन में ध्वनि विस्तारक यंत्र को लगाने की अनुमति संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व या कार्यपालिक मजिस्ट्रेट द्वारा दी जाएगी।
यह प्रतिबंध धारा 13 के तहत जिन्हे विधि द्वारा छूट प्रदान की गयी है, लागू नहीं होगी। इस आदेश के द्वारा लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन किए जाने पर छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 16 (1) के प्रावधानुसार कोई पुलिस अधिकारी जो प्रधान आरक्षक के पद से कम संवर्ग का न हो, संबंधित ध्वनि विस्तारक यंत्र को जब्त कर सकेगा। यह आदेश तत्काल प्रवृत्त होगा एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के निर्वाचन कार्य के अवसान होते तक प्रभावशील रहेगा।
हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ करें कार्रवाई : कलेक्टर
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
जगदलपुर । कलेक्टर हरिस एस ने शहर के मुख्य मार्गों पर हेलमेट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी को सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग नहीं करने पर चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने उक्त निर्देश बुधवार को जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित में दिए।
कलेक्टर ने ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिन्हांकन करने हेतु अधिकारियों से चर्चा किया। साथ ही स्कूली बच्चों, नाबालिक बच्चों का वाहन का उपयोग पर प्रतिबंधित करने हेतु स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक करने कहा। साथ ही स्कूली बसों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन, निजी वाहनों से स्कूल में बच्चों के लाने वाले वाहन चालकों को क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं करने की समझाईश देने के निर्देश दिए। ऑटो और वैन से बच्चों का आवागमन की जानकारी स्कूलों से लेने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य मार्गों में सिग्नल की स्थिति, मुख्य मार्गों में रिफ्लेक्टर, रबर स्ट्रीप लगाने, अस्थाई होर्डिंग को मुख्य चैराहों पर नहीं लगाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर में जेब्रा क्रासिंग में सफेद पट्टी लगाने के लिए चर्चा किया गया। कलेक्टर ने चलित अस्थाई विज्ञापन बोर्ड के लिए जगह चिन्हांकित कर उसी जगह लगवाने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। कलेक्टर ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण का कड़ाई से पालन करते हुए रात 10 बजे के बाद लाऊड स्पीकर का उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मवेशियों को रोड से हटाने की कार्यवाही पर चर्चा के दौरान नगर निगम द्वारा नवाचार करते हुए गौ आश्रय के लिए प्राइवेट या सामाजिक संस्था से चर्चा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टील प्लांट क्षेत्र में गौशाला बनवाने हेतु चर्चा करने कहा।
पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक दलों का उपयोग करने पर जोर दिया। रोटरी क्लब, परिवहन संघ और चेम्बर ऑफ कामर्स के साथ बैठक कर शहर के मध्य पार्किंग स्थल एवं संजय बाजार के पास व्यवस्थित पार्किंग के लिए चर्चा करने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा ले-लाइन के लिए व्हाइट पट्टी के अंदर पार्किंग करने, शुल्क सहित और फ्री-पार्किंग की व्यवस्था के लिए जगह चिन्हाकित कर करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किए। तेलीमारेंगा नियानार चैक में हाईमास्ट लाईट की व्यवस्था करवाने के साथ ही जिला या जगदलपुर शहर के मैप के आधार पर दुर्घटना स्थल-संवेदनशील सड़कों का अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने दुर्घटना के आंकड़े का अवलोकन करते हुए कहा कि पिछले दो माह में दुर्घटना की संख्या ज्यादा हुई है इस पर नियंत्रण करना जरूरी है। ब्लैक स्पॉट या दुर्घटना जन्य क्षेत्र में घटना को नियंत्रण करने के लिए सभी नागरिकों को सहयोग करना जरूरी है। साथ ही हाइवे पर एम्बुलेंस की संख्या बढाने पर कार्ययोजना हेतु चर्चा किए।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधार की कार्यवाही, सड़क किनारे लगे पेड़ों में रेडियम लगाये जाने की कार्यवाही, मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत् कार्यवाही, द्विपहिया वाहन में हेलमेट एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के चेकिंग की कार्यवाही, सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी-ट्रैफिक कॉलिंग हेतु कार्यवाही, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग्स हटाया जाना, खतरनाक तरीके से वाहन चालन पर ड्रायविंग लायसेंस निलंबन की कार्यवाही, संकेतक बोर्ड का लगाया जाना एवं गति अवरोधक को हाईलाईट करना, स्कूल बसों का निरीक्षण, प्रदूषण की रोकथाम हेतु कार्यवाही, दुर्घटनाओं के पीड़ित हुये लोगों की तत्काल मदद एवं चिकित्सा हेतु प्रबंध एवं ट्रामा सेन्टर की स्थापना, आवारा मवेशी को रोड से हटाने एवं वैधानिक कार्यवाही, यातायात नियमों के बारे में जागरूकता कार्यक्रम, शहर में अस्थायी रूप से वाहनों के पार्किंग की जगह निर्धारित करना, मार्गों का मरम्मत एवं निर्माण कार्य, शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने जैसे विषय पर चर्चा किया गया। बैठक में आयुक्त नगर निगम निर्भय साहू, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आरके गुरू, ट्रैफिक डीएसपी संतोष जैन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
तिरंगा चौक के पास मकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने तत्परता से बुझााया आग
जगदलपुर । तिरंगा चौक में रविवार सुबह एक मकान में आग लग गई। उस मकान के पास रहने वाली एक नगर सेना की महिला सैनिक ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार तिरंगा चौक निवासी जय कुमार झाली के घर से अचानक धुंआ निकलता देखकर आस-पास के लोगों को आग लगने की जानकारी मिली।
साथ ही परिवार के लोग स्वयं ही घर के बाहर निकलकर आग लगने की जानकारी देते हुए बताया कि किचन में दो सिलेंडर रखे हुए हैं।
इसके बाद घटना की जानकारी पड़ोसी महिला नगर सैनिक अरूसा बघेल द्वारा फायर बिग्रेड को दी गई। इसके बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो गली छोटी होने के कारण वाहन अंदर नहीं जा सका। ऐसे में वाहन को सड़क पर खड़ा कर पाइप मकान के अंदर तक पहुंचकर घंटो की मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया, आगजनी के कारण अज्ञात है।
धरातल पर करें योजनाओं का कारगर क्रियान्वयन : बस्तर कमिश्नर
निर्धारित समयावधि में कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों को उपस्थित होने के निर्देश
जगदलपुर । कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का धरातल पर कारगर क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने के लिए सभी विभाग सकारात्मक प्रयास करें। नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में चयनित 35 योजनाओं को सेचुरेशन स्थिति में लाए जाने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में कार्यालय में सभी-अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।सभी अधिकारी-कर्मचारी दुपहिया चलाने के दौरान हेलमेट का उपयोग तथा चार पहिया वाहन चालान के समय सीट बेल्ट का अनिवार्य तौर पर उपयोग करें।
साथ ही हेलमेट तथा सीट बेल्ट का उपयोग करने वाले लोगों को सम्मानित भी करें, ताकि अन्य लोगों को प्रोत्साहित किया जा सके। कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी को जिलों में कार्यरत जिला स्तरीय तथा ब्लॉक अधिकारियों को अपनी स्वेच्छानुसार सप्ताह के किसी भी दिन एक विषय पर अध्यापन करवाने के लिए प्रेरित करने की पहल करने कहा। उक्त निर्देश कमिश्नर डोमन सिंह ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में संभागीय अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने जनदर्शन तथा जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्या एवं मांगों के निराकरण पर बल दिया।
कमिश्नर ने नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में विभागीय योजनाओं को सेचुरेशन की स्थिति में लाने पर जोर देते हुए कहा कि चयनित योजनाओं के अंतर्गत पात्र सभी लोगों को लाभान्वित किए जाने पर ध्यान केन्द्रित करें और निर्धारित लक्ष्य के आधार पर योजना क्रियान्वयन को वरीयता दी जाए। कमिश्नर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन के ओडीएफ प्लस मॉडल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति महिला पहल, प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन एवं आवास निर्माण, जियो टेगिंग के कार्य, अमृत सरोवर योजना, ठोस तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत कार्यों की प्रगति की समीक्षा किए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य को देखकर तय समयावधि में कार्यों को पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड प्रदाय पंजीयन में जिलों के अंदरूनी इलाकों में शिविर लगाकर ग्रामीणों के कार्ड निर्माण को गति देने कहा। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालन तथा स्वास्थ्य शिविर आयोजन, सिकलसेल स्क्रीनिंग की प्रगति, चिरायु योजना की प्रगति, पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में चिन्हाकन व उपचार की स्थिति और मोतियाबिंद जांच की स्थिति की समीक्षा करते हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए दो आंख में पीड़ितों को पहले प्राथमिकता देने कहा। टीबी नियंत्रण हेतु निक्षय मित्र के रूप में सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किए जाने कहा। वहीं समाजकल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपकरण प्रदान करने के लिए जल्द शिविर आयोजित कर चिन्हित दिव्यांगजनों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए।
संभाग में सरस्वती सायकिल योजनांतर्गत निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने पर अधिकारियों का किया उत्साहवर्धन
कमिश्नर ने शिक्षा विभाग के द्वारा जाति-निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रगति तथा आवेदन-ऑनलाइन एन्ट्री की व्यवस्था, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, निःशुल्क सरस्वती सायकल योजनांतर्गत वितरण की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संभाग में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बालिकाओं को साइकिल प्रदान करने पर विभागीय अधिकारियों की हौसला-अफजाई की। साथ ही अन्य योजनाओं का भी परिणाम मूलक क्रियान्वयन कर उपलब्धि हासिल करने उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने न्यौता भोज की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी स्कूलों में योजना का सुचारू संचालन एवं जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के समन्वय से योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने आधुनिक तरीके से शिक्षक विहीन स्कूल में पढ़ाई को नियमित रखने हेतु वीसी के माध्यम से कनेक्ट कर पढ़ाई करवाने की व्यवस्था पर चर्चा की। इसके साथ ही आदिम जाति कल्याण विभाग के द्वारा एकलव्य आदर्श माॅडल स्कूल भवन निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता पर चर्चा किया गया। कमिश्नर ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पूरक पोषण आहार, आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति व भवन विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा की।
कमिश्नर ने मछलीपालन विभाग द्वारा मत्स्यपालन के लिए किसानों को तालाबों का पट्टा देने के लिए किसान चयनित कर योजना को गति देने के लिए सराहना की। नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को कांजी हाऊस की नियमित जांच करने के साथ ही व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में विद्युतीकरण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही असाध्य कृषि पंपों के विद्युतीकरण, सामान्य सिंचाई पंपों के विद्युतीकरण और मजरा-टोला विद्युतीकरण कार्य को तेजी के साथ संचालित कर अद्यतन प्रगति लाये जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले जिला स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित संभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में कृषि, मत्स्यपालन, पशुपालन, स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, खाद्य, समाजकल्याण, विद्युत वितरण कम्पनी, क्रेडा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 22 को
जगदलपुर । कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति हरिस एस की अध्यक्षता में 22 जनवरी को प्रातः 11 बजे से कार्यालय कलेक्टर के प्रेरणा हाल में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्यों को उपस्थित होने कहा गया है। उक्त बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं सुधार, सड़क किनारे लगे पेड़ों में रेडियम लगाये जाने, मुख्य मार्ग से अतिकमण हटाओ अभियान, द्विपहिया वाहन में हेलमेट एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के चैकिंग की कार्यवाही, सड़कों पर यातायात संकेतक, चेतावनी, ट्रैफिक कॉलिंग हेतु कार्यवाही, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग्स हटाए जाने, खतरनाक तरीके से वाहन चालन पर ड्रायविंग लायसेंस निलंबन की कार्यवाही, संकेतक बोर्ड का लगाया जाना एवं गति अवरोधक को हाईलाईट करने, स्कूल बसों का निरीक्षण, प्रदूषण की रोकथाम हेत कार्यवाही, दुर्घटनाओं के शिकार हुये लोगों की तत्काल मदद एवं चिकित्सा हेतु प्रबंध एवं ट्रामा सेन्टर की स्थापना, आवारा मवेशियों को रोड से हटाने एवं वैधानिक कार्यवाही, यातायात नियमों के बारे में जागरूकता, शहर में अस्थायी रूप से वाहनों के पार्किंग की जगह निर्धारित करने, मार्गों का मरम्मत एवं निर्माण कार्य सहित शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने सम्बन्धी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
पंचायत चुनाव: जिपं सदस्य, जपं अध्यक्ष-सदस्य की आरक्षण कार्यवाही पूर्ण
जगदलपुर। त्रिस्तरीय आम निर्वाचन 2024-25 हेतु कलेक्टर हरिस एस द्वारा जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष-सदस्य की आरक्षण एवं महिलाओं के प्रवर्गवार स्थानों के आबंटन-आरक्षण की कार्यवाही गुरूवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, प्रवीण वर्मा, उप संचालक पंचायत बीरेन्द्र बहादुर सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
जिला पंचायत सदस्यों का आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र 01 बस्तर अनाक्षित महिला, 02 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 03 बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त, 04 बस्तर अनारक्षित मुक्त, 05 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 06 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 07 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 08 बस्तर अनारक्षित महिला, 09 बस्तर पिछड़ावर्ग अनारक्षित मुक्त, 10 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 11 बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त, 12 बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त, 13 बस्तर अनुसूचित जनजाति महिला, 14 बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त और 15 बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त के लिए आरक्षित किया गया है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष की आरक्षण कार्यवाही के तहत जगदलपुर अनुसूचित जनजाति मुक्त, बस्तर अनुसूचित जनजाति मुक्त, बकावण्ड अनुसूचित जनजाति महिला, बास्तानार अनुसूचित जनजाति मुक्त, तोकापाल अनुसूचित जनजाति महिला, लोहण्डीगुड़ा अनुसूचित जनजाति महिला और दरभा अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है ।
इसके अलावा जनपद पंचायत जगदलपुर सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र बालीकोंटा अनारक्षित मुक्त, आसना अनारक्षित महिला, धुरगुड़ा अनुसूचित जनजाति मुक्त, कलचा अनारक्षित मुक्त, माड़पाल अनारक्षित मुक्त, नगरनार अनारक्षित महिला, पंडरीपानी अनुसूचित जनजाति मुक्त, मारकेल अनुसूचित जनजाति महिला, धनपुंजी अनुसूचित जनजाति महिला, कुरंदी अनारक्षित महिला, बिलोरी अनुसूचित जनजाति महिला, आड़ावाल अनारक्षित महिला, नियानार अनुसूचित जनजाति महिला, साड़गुड़ा अनुसूचित जनजाति मुक्त, पुसपाल अनुसूचित जनजाति मुक्त, बिरनपाल अनुसूचित जनजाति महिला, हाटपदमुर अनुसूचित जनजाति महिला और कोलावाड़ा अनुसूचित जनजाति मुक्त के लिए आरक्षित किया गया है
जनपद पंचायत बकावण्ड सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र मोहलाई अनुसूचित जानजाति महिला, गारेंगा अनारक्षित मुक्त, जैबेल अनारक्षित महिला, छिन्दगांव अनुसूचित जनजाति महिला, करपावण्ड अनुसूचित जनजाति मुक्त कोलावल अनुसूचित जनजाति मुक्त, बड़ेदेवड़ा अनुसूचित जनजाति मुक्त, संघकरमरी अनुसूचित जनजाति मुक्त, मंगनार अनारक्षित मुक्त, बेलपुटी अनुसूचित जनजाति मुक्त, जैतगिरी अनारक्षित महिला, पाहुरबेल अनुसूचित जनजाति मुक्त, बकावण्ड अनुसूचित जनजाति मुक्त, मूली अनुसूचित जनजाति, राजनगर अनारक्षित मुक्त, बेड़ाउमरगांव अनुसूचित जनजाति महिला, कचनार अनारक्षित महिला, झारउमरगांव अनुसूचित जनजाति महिला, सरगीपाल अनुसूचित जनजाति महिला, बजावण्ड अनारक्षित महिला, तारापुर अनारक्षित महिला, उलनार अनुसूचित जनजाति महिला, करीतगांव अनारक्षित मुक्त, कोहकापाल अनुसूचित जनजाति महिला और मालगांव अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है ।
जनपद पंचायत बस्तर सदस्यों की आरक्षण की कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र सालेमेटा अनारक्षित महिला, तुरपुरा अनारक्षित महिला, भानपुरी अनुसूचित जनजाति मुक्त, करन्दोला अनारक्षित महिला, नंदपुरा अनारक्षित महिला, चपका अनुसूचित जनजाति मुक्त, खोरखोसा अनुसूचिजत जनजाति महिला, बागमोहलाई अनुसूचित जनजाति मुक्त, दुबेऊमरगांव अनुसूचित जनजाति मुक्त, मघोता अनुसूचित अनजाति महिला, सिवनी अनुसूचित जनजाति महिला, सोनारपाल अनुसूचित जाति महिला, बड़ेआमाबाल अनारक्षित मुक्त, बाकेल अनुसूचित जनजाति महिला, चेराकुर अनुसूचित जनजाति मुक्त, सुधापाल अनुसूचित जनजाति मुक्त, घोटिया अनुसूचित जनजाति महिला, मुण्डागांव अनारक्षित मुक्त, रोतमा अनुसूचित जनजाति मुक्त, नदीसागर अनुसूचित जनजाति महिला, लामकेर अनुसूचित जनजाति महिला, कोलचूर अनुसूचित जनजाति मुक्त, चोकर अनुसूचित जनजाति महिला और कुदालगांव अनारक्षित मुक्त के लिए आरक्षित किया गया।
जनपद पंचायत बास्तानार सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र बुरगुम अनुसूचित जनजाति मुक्त, तुरांगुर अनुसूचित जनजाति महिला, बागमुण्डीपनेड़ा अनुसूचित जनजाति महिला, बास्तानार अनुसूचित जनजाति महिला, बड़े किलेपाल अनारक्षित मुक्त, कोड़ेनार अनारक्षित महिला, छोटेकिलेपाल अनुसूचित जनजाति महिला, ईरपा अनुसूचित जनजाति मुक्त, बड़े काकलूर अनुसूचित जनजाति मुक्त और कापानार अनुसूचित जनजाति मुक्त के लिए आरक्षित किया गया।
जनपद पंचायत तोकापाल सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र कोण्डालूर अनुसूचित जनजाति महिला, छापरभानपुरी अनुसूचित जनजाति मुक्त, साकरगांव अनुसूचित जनजाति मुक्त, देऊरगांव अनारक्षित महिला, कुरेंगा अनुसूचित जनजाति महिला, एर्राकोट अनुसूचित जनजाति मुक्त, केशलूर अनुसूचित जनजाति महिला, बड़ेमारेंगा अनारक्षित मुक्त, परपा अनारक्षित मुक्त, राजूर अनारक्षित महिला, बड़ेआरापुर अनुसूचित जनजाति महिला, मावलीभाटा अनुसूचित जनजाति महिला और सालेपाल अनुसूचित जनजाति मुक्त के लिए आरक्षित किया गया।
जनपद पंचायत दरभा के सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र डिलमिली अनुसूचित जनजाति मुक्त, चितापुर अनुसूचित जनजाति महिला, लेण्ड्रा अनारक्षित महिला, नेगानार अनारक्षित मुक्त, मावलीपदर अनुसूचित जनजाति मुक्त, तिरथगढ़ अनुसूचित जनजाति मुक्त, केलाऊर अनुसूचित जनजाति महिला, छिन्दावाड़ा अनुसूचित जनजाति महिला, पखनार अनुसूचित जनजाति महिला और कोलेंग अनुसूचित जनजाति मुक्त के लिए आरक्षित किया गया है ।
जनपद पंचायत लोहण्डीगुड़ा के सदस्यों की आरक्षण कार्यवाही के तहत निर्वाचन क्षेत्र एरपुण्ड अनुसूचित जनजाति महिला, बिन्ता अनारक्षित मुक्त, मारडूम अनुसूचित जनजाति महिला, मटनार अनुसूचित जनजाति मुक्त, गढ़िया अनुसूचित जनजाति महिला, बड़ेधारऊर अनारक्षित महिला, बड़ांजी अनुसूचित जनजाति मुक्त, तारागांव अनुसूचित जनजाति महिला, उसरीबेड़ा अनारक्षित मुक्त, आंजर अनुसूचित जनजाति महिला, अलनार अनुसूचित जनजाति मुक्त, तोयर अनुसूचित जनजाति मुक्त और छिन्दगांव अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण की कार्यवाही के दौरान अन्य पिछड़ा वर्ग का 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जनजाति आरक्षण के कारण अनारक्षित सीट के रूप में परिवर्तन किया गया और 50 प्रतिशत से कम महिला आरक्षण होने की स्थिति में लाट द्वारा आरक्षण की कार्यवाही की गई ।
कमिश्नर ने जनपद पंचायत बड़ेराजपुर के सीईओ को किया निलंबित
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने जनपद पंचायत बड़ेराजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गेंदलाल चुरेन्द्र को हितग्राही मूलक महत्वाकांक्षी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को समय-सीमा में पूरा किए जाने में लापरवाही बरतने एवं अपने पदीय कर्तव्यों तथा शासकीय कार्यों के निर्वहन में रुचि नहीं लेने पर निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत की गई है।
इस कृत्य के लिए जनपद सीईओ के विरुद्ध विभागीय जांच भी की जाएगी। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर, जिला कोण्डागांव में निर्धारित किया गया है। उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, 3 घायल
जगदलपुर । बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र अंर्तगत कुरंदी मार्ग में आज बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, इस दुर्घटना में कार में सवार तीन युवक महावीर लुनिया, विजय एवं सचिन पारख घायल हो गए, जिनका उपचार महारानी अस्पताल में जारी है।
जगदलपुर के 3 युवक अपनी कार से कुरंदी घूमने के लिए गए हुए थे, वहां से वापस लौटने के दौरान कार की रफ्तार तेज होने के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
घटना के बाद आस-पास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर 112 की मदद से महारानी अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार जारी है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सड़क दुर्घटना में घायल 5 वर्षीय बच्ची की हुई मौत
जगदलपुर । बस्तर थान क्षेत्र अंर्तगत ग्राम परचनपाल कन्या आश्रम के पास 4 जनवरी की दोपहर को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही 5 वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी थी।
इस घटना के बाद घायल बच्ची को उपचार के लिए मेकॉज लाया गया, जहां उपचार के दौरान आज बुधवार को बच्ची की मौत हो गई है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार परचनपाल निवासी हेमसिंग ठाकुर की 5 वर्षीय पुत्री फालवी उर्फ धानी 4 जनवरी को परचनपाल के पास सड़क किनारे खड़ी थी कि अचानक से अपने रिश्तेदार को देखकर सड़क पार करने के लिए दौड़ गई।
बच्ची को सड़क पार करता देख बस्तर की ओर से जगदलपुर जा रहे ट्रक चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किय, लेकिन बच्ची ट्रक की चपेट में आ गई।
घटना के बाद आस-पास ले लोगों ने घायल बच्ची को उपचार के लिए मेकॉज में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान 8 जनवरी की सुबह बच्ची की मौत हो गई।
सैर-सपाटे के साथ पिकनिक का नया डेस्टिनेशन तिरिया
वन विभाग पर्यटन समिति के माध्यम से कर रही पर्यटक सुविधाओं को विकसित
जगदलपुर । नव वर्ष के आगमन के साथ ही बस्तर जिले का नया पर्यटन स्थल तिरिया पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गया है। हरे-भरे जंगल, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह स्थान लोगों को शहरी जीवन की भाग-दौड़ से दूर शांति और सुकून का अनुभव करा रहा है। तिरिया अपनी प्राकृतिक झरनों, घने जंगलों और पहाड़ियों के लिए प्रसिद्ध है। यह सैर सपाटे और पिकनिक के लिए एक नया डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो रहा है। नव वर्ष की छुट्टियों में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ प्रकृति का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। इसे मद्देनजर रखते हुए प्रशासन द्वारा स्थानीय पर्यटन समिति के माध्यम से इस पर्यटन स्थल की विशेष रूप से साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक पहल किया गया है, जिससे पर्यटकों को सहूलियत हो सके। संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से करीब 40 किलोमीटर वनांचल में स्थित तिरिया तक दुपहिया या टैक्सी के माध्यम से आसानी के साथ पहुंचा जा सकता है।
स्थानीय पर्यटन समिति के सदस्य लोकूराम बताते हैं कि शासन द्वारा ग्रामसभा को सामुदायिक वन संसाधन पत्र प्रदान किया गया है। जिससे उनकी समिति के युवा यहां पर्यटकों को बम्बू राफ्टिंग और नौका विहार करवा रहे हैं। साथ ही पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन परोस कर उन्हें पारम्परिक बस्तरिया स्वाद से वाकिफ करवा रहे हैं। इसके जरिए समिति के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो रहा है और अच्छी आमदनी भी हो रही है। उन्होंने बताया कि तिरिया पर्यटन स्थल का प्राकृतिक सौंदर्य सालभर पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन सर्दियों के मौसम में इसकी खूबसूरती और भी निखर जाती है। झरनों से गिरता हुआ पानी और हरियाली का दृश्य एक अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। वन विभाग ने पर्यटन समिति के युवाओं के जरिए इस बार तिरिया में कई नई सुविधाएं भी जोड़ी हैं, जिनमें बेहतर पार्किंग सुविधा, बम्बू राफ्टिंग, नौका विहार और गाइड सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा, स्थानीय व्यंजन और स्थानीय संस्कृति से रूबरू करा रहे हैं। पर्यटन समिति आगामी दिनों में ट्रैकिंग और कैम्पिंग की सुविधाएं मुहैया कराने की तैयारी कर रही है।
पर्यटकों ने इस स्थल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जगह न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि पिकनिक मनाने वाले लोगों का भी पंसदीन्दा स्थल बन चुका है। ट्रैकिंग और कैम्पिंग जैसी गतिविधियों के शुरू होने से अधिकाधिक युवा वर्ग तिरिया में ज्यादा आकर्षित होंगे।
पर्यटन समिति के युवा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए तिरिया को विकसित करने की योजना बनाई है। इस पहल से स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन समिति द्वारा यहां पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई रखने के लिए पर्यटकों से अपील करते हुए प्रकृति के इस अनुपम धरोहर के संरक्षण में सहभागी बनने का आग्रह किया गया है। वास्तव में नव वर्ष पर तिरिया की बढ़ती लोकप्रियता यह साबित करती है कि बस्तर के पर्यटन स्थलों में अपार संभावनाएं हैं, जो आने वाले समय में राज्य के पर्यटन उद्योग को एक नई दिशा दे सकती है।
जगदलपुर विधानसभा की जनता ने विधायक किरण देव का किया धन्यवाद
प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,प्रभारी मंत्री एवं गृह व पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा,नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव का किया धन्यवाद
जहां बच्चों को नक्सली थमाते थे बंदूक, वहां AI की मदद से बच्चे गढ़ रहे अपना भविष्य
जगदलपुर। प्रकाश संश्लेषण क्या होता है? दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावित भांसी के पीएमश्री आवासीय विद्यालय पोर्टाकेबिन में आठवीं कक्षा के छात्र विकास अटरा ने जैसे ही यह प्रश्न किया, मोबाइल में उपलब्ध चैट-जीपीटी (चैट-जेनेरेटिव प्री-ट्रेंड ट्रांसफार्मर) ने अपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) चैटबाट से मनकू के प्रश्न को समझकर उसे प्रकाश संश्लेषण की जानकारी दी।
जिले के 731 स्कूलों के 32 हजार विद्यार्थी एआई से पढ़ रहे हैं। विकास ने दोबारा कहा कि उसे समझ नहीं आया, तो इस बार जैट-जीपीटी ने फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देकर उसकी जिज्ञासा शांत की। विकास मसेनार गांव का रहने वाला है।
शिक्षा के क्षेत्र में आ रही क्रांति
नक्सलियों ने उसके गांव के स्कूल को तोड़ दिया था, इसलिए वह भांसी पोर्टाकेबिन में रहकर पढ़ाई करता है। नक्सल हिंसा से प्रभावित दंतेवाड़ा में जब एजुकेशन हब बना, तो इसकी चर्चा देशभर में हुई थी। दंतेवाड़ा में बच्चों के हाथों में नक्सली बंदूक थमाया करते थे।
वहां अब नक्सल गतिविधियों के थमते ही गांव-गांव में बच्चे अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से पढ़ाई संग देश-दुनिया के बारे में जान रहे हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा द्वारा शुरू किया गया यह प्रयोग नक्सल क्षेत्र में शिक्षा क्रांति लेकर आया है।
सरल शिक्षा से समृद्ध हो रहा ज्ञान
बर्फ क्यों जमती है? आकाश का रंग नीला क्यों है? ऐसे कई प्रश्न जो बच्चों के मन में है, पर किताब में नहीं हैं, उसकी जानकारी भी अब एआई के माध्यम से बच्चों को मिल रही है और वे अपने ज्ञान को समृद्ध कर पा रहे हैं। गीदम की संगीता कहती है कि इससे पढ़ाई करने में आनंद आता है।
शिक्षक रमेश साहू कहते हैं कि दंतेवाड़ा विकासखंड के कई स्कूल में शिक्षकों की कमी है। ऐसे स्कूल में एआई से पढ़ाई शुरू करवाने पर शिक्षक के बिना भी बच्चे आसानी से विषय को समझ पा रहे हैं।
जल जीवन मिशन से विश्वप्रसिद्ध पर्यटन ग्राम तीरथगढ़ के हर घर पहुंचा जल
पानी बचाओ मुहिम से जुड़ी महिलाएं जागरूकता की जगा रही अलख
जगदलपुर । सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है इस योजना ने न केवल स्वास्थ्य में सुधार किया है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी बड़ा परिवर्तन लाया है। इसी क्रम में जिले के विकासखण्ड दरभा अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन ग्राम तीरथगढ़ में भी जल जीवन मिशन के द्वारा जलापूर्ति होने से लोगों के जीवन में परिवर्तन आया है। इसी गांव में विश्व प्रसिद्ध जलप्रपात है जो मुनगाबहार नदी से बनता है इसकी सुन्दरता मन को मोह लेने वाली है चारों ओर पहाड़ एवं घने जंगल और हरी-भरी वादियां हैं जो पर्यटको को रोमांच से भर देती है। बाहरी लोगों के सम्पर्क में आने के कारण यहां के ग्रामीणों के जीवन में बाहरी बदलाव भी देखने को मिलता है। महिलाएं दुकान चलाती हैं और पुरूष खेती-किसानी करते हैं।
तीरथगढ़ के डेढ़ हजार से अधिक की आबादी पहले जलसंकट से जूझ रही थी, मुनगाबहार नदी में नहाने व कपड़ा धोने रोज जाया करते थे। पीने का पानी भी बोरिंग से लाया करते थे, घरेलू जिम्मेदारी का निर्वहन करने वाली महिलाओं को ज्यादा तकलीफ थी। घर से दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाने के कारण उनके शरीर में थकान सहित स्वभाव चिड़चिड़ापन हो गया था। लेकिन अब सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना इस गांव में आई और उसने पूरे गांव में बदलाव लाना शुरू कर दिया है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम तीरथगढ़ में 09 मीटर 10 किलोलीटर के 03 एवं 12 मीटर 10 किलोलीटर के 06 सोलर सिस्टम लगे हैं। जिससे तीरथगढ़ ग्राम पंचायत के सभी पारे-टोले के हर घर में नियमित तौर पर जलापूर्ति किया जा रहा है। साथ ही इस ग्राम पंचायत के 08 स्कूलों, 06 आंगनबाड़ी केंद्रों सहित पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन में भी नल कनेक्शन प्रदान कर जल प्रदाय किया जा रहा है। यहां की सरपंच श्रीमती महेश्वरी कश्यप बताती हैं कि हरेक घर के साथ ही सार्वजनिक भवनों में नल कनेक्शन के जरिए जलापूर्ति से ग्रामीणों को काफी सहूलियत हो रही है और उन्हें अपने खेती-किसानी और अन्य कामकाज के लिए अतिरिक्त समय मिल रहा है। अब गांव की महिलाओं का कहना है कि हमें हैंडपंप से पानी लेकर आना कष्टदायक था, विशेषकर बारिश के मौसम में ज्यादा तकलीफ होती थी। अब जल जीवन मिशन के जल प्रदाय योजना से स्थिति बदल गई है और हम घर से बाहर निकल कर अन्य काम में ज्यादा समय दे रहे हैं। इन महिलाओं ने सरकार के इस भगीरथ पहल के लिए साधुवाद दिया। इस ग्राम पंचायत में जल वाहिनी से जुड़ी ग्रामीण महिला श्रीमती सुषमा ठाकुर गांव में जल का सदुपयोग सहित पानी बचाने की मुहिम में एक अलग भूमिका निभा रही हैं। वह गांव की महिलाओं के साथ बैठकर उन्हें पानी के महत्व के बारे में बताती हैं और नल से पानी भरने के बाद टोटी को बंद करने की समझाइश देते हुए भावी पीढ़ी के लिए जल की बचत को दूरगामी सोच निरुपित करती हैं। वहीं इस महत्वपूर्ण पहल के लिए निरंतर महिलाओं को प्रोत्साहित कर रही हैं यह उनकी जल संरक्षण के प्रति जीवट लगाव को प्रदर्शित करता है। अब सुषमा की इस मुहिम से जुड़कर महिलाएं समीपस्थ ग्रामों में पानी बचाओ संबंधी जागरूकता की अलख जगा रही हैं।