छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कबीरधाम में 10 लाख के इनामी नक्सली दंपत्ति ने किया आत्मसमर्पण

 कवर्धा । राज्य सरकार की नई नक्सल पुनर्वास नीति से प्रेरित होकर नक्सली दंपति ने 18 जनवरी को कबीरधाम पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित नक्सली रमेश उर्फ मेस्सा बोड़ला एरिया कमेटी विस्तार प्लाटून नंबर 3 के डिप्टी कमांडर के पद पर था, उसकी पत्नी रोशनी उर्फ हिड़में बोड़ला एरिया कमेटी विस्तार प्लाटून नंबर 3 की सदस्य के रूप में कार्यरत थी और दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों ने कबीरधाम एसपी के समक्ष आत्मसमर्पण किया और एसपी ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यधारा में लौटने के लिए उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में घोषित नई पुनर्वास नीति ने आत्मसमर्पण के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया है। रमेश उर्फ मेस्सा और उसकी पत्नी रोशनी उर्फ हिड़में, जो नक्सली संगठन के ऊंचे पदों पर थे, ने संगठन के आंतरिक संघर्ष और शोषणकारी विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण का निर्णय लिया। आत्मसमर्पित दंपत्ति को तत्काल प्रोत्साहन राशि, मासिक स्टाइपेंड, आवास, प्रशिक्षण, और अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं।

Leave Your Comment

Click to reload image