होली के दौरान घरों में चोरी, 10 लाख से अधिक की चोरी का मामला दर्ज
बालोद |
2025-03-17 14:51:32
बालोद। होली की छुट्टियों के दौरान बालोद जिले में शासकीय कर्मचारियों के सूने घरों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए, हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरा में पदस्थ व्याख्याता शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि वह 13 मार्च को अपने परिवार के साथ होली पर्व मनाने के लिए गृहग्राम नगपुरा, दुर्ग गए थे। इसी दौरान, बालोद रेलवे कॉलोनी स्थित शिक्षक नगर में तीन घरों में चोरी की घटना हुई। 15 मार्च को पड़ोसियों ने उनके घरों के ताले टूटे हुए देखे और इस संदर्भ में तुरंत मालिकों को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने पहले शिक्षक मनीष कुमार देशमुख के घर का ताला तोड़ा, लेकिन वह पहले ही अपने जेवरात और नकदी गांव लेकर जा चुके थे, जिससे चोरों को कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोरों ने शत्रुघ्न सिन्हा के घर में सेंध लगाई और वहां से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद और करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। तीसरी घटना प्रदीप कुमार सिन्हा के घर हुई, जहां से करीब 3 लाख 35 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई।
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि उन्होंने अपने घर में स्कूल की 1.5 लाख रुपये की राशि रखी थी, इसके अलावा कई तरह के आभूषण जैसे चैन, गुलबंद, टॉप्स, झुमका, मंगलसूत्र और चांदी की बिछिया थी, जो चोरों ने चुरा लिए।
घटना के बाद शहर में चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। बालोद पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है। इस संबंध में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद भी ली है, जिससे कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। साइबर टीम इस बात का पता लगा रही है कि घटना के दौरान क्षेत्र में कौन-कौन से संदिग्ध मोबाइल नंबर सक्रिय थे और इस आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
बालोद पुलिस अनुविभागीय अधिकारी देवांश राठौर ने कहा कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है और साइबर सेल को भी बारीकी से जांच करने हेतु निर्देश दिए गए है। वहीं बालोद थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय ने बताया कि पुलिस की पूरी टीम जांच में जुटी हुई है और शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।