छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा में किए मंदिर दर्शन, नवरात्रि पर्व की दी शुभकामनाएं

कवर्धा, 31 मार्च 2025। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा प्रवास के दौरान चैत नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के ऐतिहासिक एवं जन आस्था के केंद्र विंध्यवासिनी मंदिर, महामाया मंदिर, शीतला मंदिर, काली मंदिर और मां परमेश्वरी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

इसके साथ ही वे ग्राम मोटीयारी पहुंचे, जहां उन्होंने ज्योति कलश के दर्शन कर श्रद्धालुओं के साथ पूजन-अर्चन किया। धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिकता का अनुभव किया और आयोजन समिति के सदस्यों से भेंट कर कुशलक्षेम जाना।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समस्त जिलेवासियों को नवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व शक्ति उपासना और आत्मशुद्धि का अवसर है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति का संचार करता है। उनके आगमन से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का वातावरण रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष श्री  चन्द्र प्रकाश चन्दवंशी, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उपमुख्यमंत्री के साथ मंदिर पहुँचकर पूजा अर्चना की एवं जिले एवं प्रदेश की सुख शांति की कामना की।

Leave Your Comment

Click to reload image