छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से बोड़ला विकासखंड के 895 किसानों को 61 लाख से अधिक की सहायता राशि खाते में हस्तांतरित

कवर्ध, 26 अप्रैल 2025।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से बोड़ला विकासखंड के किसानों को बड़ी राहत मिली है। ओला वृष्टि के कारण चना फसल में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए 895 किसानों को आरबीसी 6-4 के तहत कुल 61 लाख 1 हजार 250 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई लालचंद साहू ने ग्राम कांपा, तारों, टुकड़ा ढ़ोंगईटोला प्लांट और खैरबाना कला के किसानों की समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया था। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए श्री शर्मा ने त्वरित कार्रवाई कर मुआवजा स्वीकृत करवाया।
 
बोड़ला विकासखंड के ग्राम खैरबाना कला के 215 किसानों को 29 लाख 57 हजार 669 रुपए, तारों के 188 किसानों को 9 लाख 72 हजार 146 रुपए, ढोंगईटोला प्लांट के 124 किसानों को 6 लाख 44 हजार 986 रुपए और कांपा 368 किसानों को 15 लाख 26 हजार 449 रुपए किसानों के खातों में सीधे मुआवजा राशि हस्तांतरित कर दी गई है, जिससे किसानों को तत्काल राहत मिली है।
 
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के दुख-दर्द को समझती है और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई लालचंद साहू ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को समय पर राहत मिलना एक सराहनीय कदम है और इससे किसानों का विश्वास सरकार में और मजबूत हुआ है।

किसानों ने जताया आभार 

क्षेत्र के किसानों ने त्वरित राहत कार्य के लिए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रति आभार प्रकट किया है और आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी इसी तरह उनके हितों की रक्षा की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image