छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

जन न्याय पदयात्रा पर भाजपा का हमला: कांग्रेस कर रही है जुमलेबाजी – अनिल चंद्राकर

राधेश्याम सोनवानी

 जन न्याय पदयात्रा पर भाजपा का हमला: कांग्रेस कर रही है जुमलेबाजी – अनिल चंद्राकर


5 साल सत्ता में रहते जनता के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस को न्याय पदयात्रा करने का नैतिक हक नहीं - अनिल चंद्राकर।

गरियाबंद। जिले में शुरू हुई कांग्रेस की जन न्याय पदयात्रा पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने 5 साल के शासन में जनहित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया और अब विपक्ष में रहकर न्याय यात्रा के नाम पर केवल जुमलेबाजी कर रही है।

उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते कांग्रेस ने सड़क, पुल-पुलिया या किसी भी बुनियादी विकास कार्यों में रुचि नहीं दिखाई। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं जस की तस बनी रहीं। बिंद्रानवागढ़ विधानसभा की भी कांग्रेस ने कोई सुध नहीं ली। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन योजना के तहत जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी अब पक्की सड़कों का निर्माण हो रहा है, जहां कांग्रेस ने वर्षों सत्ता में रहते हुए कभी विकास की कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ही प्रदेश की कानून व्यवस्था सबसे ज्यादा लचर थी। आमजन असुरक्षित महसूस करते थे और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। पांच साल तक कांग्रेस ही जानता के साथ अन्याय करती रही।
अब जनता की आंख में धूल झोंक रही। कांग्रेस को तो न्याय पदयात्रा करने का कोई नैतिक हक ही नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने आगे कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गांव, गरीब और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। जो सड़कें कांग्रेस सरकार के समय गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं, उनका निर्माण व जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस की पदयात्रा को राजनीतिक ढोंग और सिर्फ जुमलेबाजी करार दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image