विज्ञान क्लब छात्रों ने भेंट किए सीडबॉल, संयुक्त संचालक ने कहा नवाचारी प्रयास
गरियाबंद |
2025-07-19 18:40:19
राधेश्याम सोनवानी
विज्ञान क्लब छात्रों ने भेंट किए सीडबॉल, संयुक्त संचालक ने कहा नवाचारी प्रयास
विद्यालय के छात्रों ने निरीक्षण में आए संयुक्त संचालक को हस्त निर्मित सीडबाॅल भेंट कर इसके महत्व और लाभ की जानकारी दी।
गरियाबंद,राजिम। राज्य शासन में नवपदस्थ संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव द्वारा सेजेस राजिम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, भौतिक संसाधनों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यालय की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान क्लब के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत स्वयं द्वारा निर्मित सीड बॉल (बीज गोले) संयुक्त संचालक महोदय को भेंट किए। क्लब प्रभारी व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ ने उन्हें बताया कि ये सीड बॉल पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम हैं, जिन्हें वे आसपास के क्षेत्रों में वितरित करने की योजना बना रहे हैं। संयुक्त संचालक द्वारा प्रभारी शिक्षिका और छात्रों की इस सोच और प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों का यह नवाचार न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरक है, बल्कि यह उनकी सृजनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचायक है। इस तरह की गतिविधियाँ बच्चों में वैज्ञानिक सोच, पर्यावरणीय चेतना और सामाजिक सरोकार को मजबूत करती हैं। इस अवसर पर उपस्थित बीईओ रामेन्द्र जोशी, बीआरसीसी सुभाष शर्मा, व्याख्याता विवेक शर्मा राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी, शाला विकास समिति अध्यक्ष सुजाता शर्मा, सदस्य लोकेश पाण्डेय, खुशी साहू, सोमनाथ पटेल, विजेता देवानी, विनय साहू,सलमा कौसर, महेंद्र कश्यप आदि ने इसे अनुकरणीय पहल बताया। संस्था प्रमुख एवं शिक्षकों ने संयुक्त संचालक को विद्यालय की अन्य नवाचारी गतिविधियों और शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी भी दी। जेडी श्रीवास्तव ने विद्यालय परिवार को इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।