छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

घटिया सड़क निर्माण पर बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ शासन ने उप अभियंता सागर यादव को किया निलंबित — गुणवत्ताहीन कार्यों पर शासन ने दिखाई सख्ती

कवर्धा 
छत्तीसगढ़ शासन ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई कवर्धा में पदस्थ उप अभियंता श्री सागर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई पीएम जनमन एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विकासखंड बोडला के पैकेज क्रमांक CG 09-127 (दलदली मेन रोड से केसर्मदा से रबदा सड़क कार्य) की जांच रिपोर्ट में गंभीर गुणवत्ता दोष एवं लापरवाही पाए जाने के बाद की गई।

शासन ने इस कार्य को असंतोषजनक व शासन निर्देशों की अवहेलना मानते हुए श्री यादव का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया है। परिणामस्वरूप, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित करने का आदेश जारी किया गया।
 
निलंबन अवधि में श्री यादव का मुख्यालय अधीक्षण अभियंता, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, परियोजना मंडल दुर्ग (जिला दुर्ग) निर्धारित किया गया है, और उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता नियमानुसार प्राप्त होगा।
यह कार्रवाई शासन की उस नीति को दर्शाती है जिसमें गुणवत्ता से समझौता करने वाले अफसरों पर सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाने का संकल्प स्पष्ट झलकता है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि जनहित और विकास कार्यों में लापरवाही करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image