कवर्धा की सड़क बनी मुसीबत का सबब! ठेकेदार और विभाग की लचर व्यवस्था से आमजन बेहाल
कबीरधाम |
2025-11-10 16:20:02
कवर्धा। नगर के सबसे व्यस्त मार्ग ठाकुर देव चौक (एन.एच. 12ए) से जुनवानी मार्ग होते हुए नवनिर्मित हाईटेक बस स्टैण्ड से ठाठापुर मार्ग जुनवानी जंक्शन तक लगभग 4.20 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण कार्य नागरिकों के लिए सिरदर्द बन गया है। बरसात के बीच शुरू हुआ यह काम न केवल कछुआ गति से चल रहा है बल्कि अव्यवस्था और लापरवाही की मिसाल बन चुका है।
सड़क निर्माण के दौरान ठाकुर देव चौक से घोटिया, जुनवानी चौक तक दोनों ओर की दुकानों को चौकीकरण के नाम पर तोड़ा गया, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बरसात में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सड़क के किनारे बनाए जा रहे नाली की ऊंचाई पुराने मकानों से अधिक रखी गई है, जिसके कारण घरों में आने जाने से पिसलकर गिरने की खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य एक ओर की खुदाई कर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे रोजाना ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं। राहगीर और वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। शाम के समय इस मार्ग पर शराब दुकान होने से भी भीड़ बढ़ जाती है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।
नगरवासियों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार की लचर व्यवस्था के चलते यह अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग परेशानी का केंद्र बन गया है। नगर का यह हिस्सा न केवल सबसे व्यस्तम है बल्कि राजस्व की दृष्टि से भी अहम माना जाता है, इसके बावजूद कार्य में गति नजर नहीं आ रही है।
लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन इस कार्य की तत्काल समीक्षा कर सख्त कार्रवाई करे, ताकि आमजन को राहत मिल सके और सड़क निर्माण सही तरीके से पूर्ण हो सके।