शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय की छात्राओं ने जाना बैंकिंग और फाइनेंस की दुनिया का सच, किया शैक्षणिक भ्रमण
गरियाबंद |
2025-12-11 11:58:55
गरियाबंद :- समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में छात्राओं के कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद की बी.एफ.एस.आई. (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा) संकाय की छात्राओं को एक दिवसीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कक्षा में दी जाने वाली सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और मैदानी ज्ञान से रूबरू कराना था।
श्रीराम फाइनेंस में छात्राओं ने समझी लोन प्रक्रिया
कक्षा नौवीं और दसवीं की छात्राओं ने अपने शैक्षणिक भ्रमण के तहत श्रीराम फाइनेंस, गरियाबंद शाखा का दौरा किया। यहाँ शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने फाइनेंस सेक्टर की बारीकियों को समझाते हुए लोन (ऋण) स्वीकृति की प्रक्रिया, केवाईसी (KYC) के महत्व और चेक क्लीयरेंस जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से गाड़ियों के फाइनेंस और उसकी प्रक्रिया के बारे में छात्राओं को जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्सुकतापूर्वक कई प्रश्न पूछे, जिनका शाखा प्रबंधक ने सहजता से उत्तर दिया।
बैंक ऑफ बड़ौदा में जानी बैंकिंग कार्यप्रणाली
वहीं, कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं की छात्राओं ने बैंक ऑफ बड़ौदा, गरियाबंद शाखा का भ्रमण किया। यहाँ छात्राओं ने बैंकिंग गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा। शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने छात्राओं को बैंकिंग के दैनिक कार्यों जैसे चेक भरना, नकद जमा करना और निकालना, आरटीजीएस/नेफ्ट (RTGS/NEFT) के माध्यम से राशि हस्तांतरण, लॉकर सुविधा और खाता खुलवाने की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बैंकिंग में केवाईसी की अनिवार्यता पर भी प्रकाश डाला। बैंक के अन्य कर्मचारियों ने भी छात्राओं को विभिन्न विभागों की जानकारी दी।
प्राचार्य और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में हुआ सफल आयोजन
यह संपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अल्का दानी के निर्देशन और व्यावसायिक प्रशिक्षक कमल किशोर साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्राचार्य श्रीमती दानी ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बैंकिंग व वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित होती हैं। प्रशिक्षक कमल किशोर साहू ने भ्रमण को सफल बनाने के लिए बैंक प्रबंधन और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बैंक और फाइनेंस कंपनी के समस्त स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्राऐ उपस्थित थीं।