छत्तीसगढ़ / मुंगेली

एस.आई.आर.: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित

 भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने की निर्वाचन कार्यों की समीक्षा
मुंगेली, 31 दिसम्बर 2025
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के संबंध में जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी सभा कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने की। उन्होंने एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा एवं अनमैप मतदाता (सी कैटेगरी) के लिए नोटिस जारी कर तामिल कराने, बीएलओ एप में अपलोड कराने तथा सी कैटेगरी के मतदाताओं से उम्र के अनुसार निर्धारित दस्तावेज को अपलोड कराने तथा सुनवाई के लिए अतिरिक्त एईआरओ के द्वारा आवश्यक तैयारी पूर्ण करना आदि बिन्दुओं पर चर्चा की। 
 
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री गर्ग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को अत्यंत गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री गर्ग ने कहा कि निर्वाचन की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मतदाता सूची का अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। उन्होंने फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, फार्म-7 के माध्यम से अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने एवं फार्म-8 के माध्यम से नामों में त्रुटि सुधार व संशोधन तथा मतदाता पहचान से संबंधित दस्तावेज, फोटोग्राफ्स संकलन एवं सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए। 
 
साथ ही निर्वाचन से जुड़े कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण देने, अनमैपड सभी मतदाताओं को नोटिस तामील सुनिश्चित करने और घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को प्रभावी ढंग से करने पर विशेष जोर दिया। श्री गर्ग ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी स्तरों पर सतर्कता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को भी निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो सकें। बैठक के अंत में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने जिले में चल रहे निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएंगे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, सभी ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
क्रमांक//12-155 सुजीत कुमार सिंह

Leave Your Comment

Click to reload image