कबीरधाम पुलिस ने सक्रिय गांजा विक्रेता को गिरफ्तार कर बरामद किए 2.62 किलो मादक पदार्थ
कबीरधाम |
2026-01-13 18:30:48
कवर्धा--कवर्धा थाना क्षेत्र के नया बस स्टैण्ड पर दिनांक 12 जनवरी को कबीरधाम पुलिस ने सक्रिय गांजा विक्रेता को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की। मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष विश्वकर्मा, उम्र 55 वर्ष, निवासी ठाकुर बस्ती, लोहार पारा, ग्राम धमकी को पकड़ लिया।
सूचना के अनुसार आरोपी अपने कब्जे में सफेद–गुलाबी रंग के झोले में गांजा रखकर सुपर से लेकर फुटकर और चिल्हर स्तर तक ग्राहकों को बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा के नेतृत्व में आरक्षक और स्वतंत्र साक्षियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी ने मादक पदार्थ रखने की स्वीकारोक्ति की।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू और साक्षियों की उपस्थिति में झोले को तौला गया, जिसमें कुल 2 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को सीलबंद कर सुरक्षित रूप से थाना कवर्धा लाया गया। आरोपी को धारा 20 (बी) नारकोटिक एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार कर देहाती नालसी तैयार की गई और विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के निर्देशन तथा डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई संपन्न हुई। थाना प्रभारी कवर्धा योगेश कश्यप और उपनिरीक्षक दिव्या शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी सतर्कता, समन्वय और तत्परता के साथ इस अपराध को समय रहते रोका।
कबीरधाम पुलिस की यह कार्रवाई यह संदेश देती है कि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के कारोबार और अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना या पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके और जिले में कानून और व्यवस्था बनाए रखी जा सके।