छत्तीसगढ़ / मुंगेली

राष्ट्र सर्वोपरि — वीरता, त्याग और संकल्प का पावन स्मरण

 मुंगेली - ग्राम रामगढ़, जिला मुंगेली स्थित जिला अस्पताल के समीप स्थापित मूर्ति स्थल पर वीर सैनिक स्वर्गीय हवलदार सुखराम साहू जी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन, मुंगेली की अगुवाई में गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिक परिवार, पूर्व सैनिक साथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ वीर सपूत की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। वातावरण “भारत माता की जय” और “राष्ट्र सर्वोपरि” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के अध्यक्ष  त्रिभुवन यादव द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल आशीष पांडे  उपस्थित रहे, जिन्होंने सैनिक परिवार को हर परिस्थिति में सहयोग का आश्वासन दिया। कल्याण संयोजन  वाई.एस. बावने जी ने भी संगठन की ओर से निरंतर साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

  संतोष साहू (प्रदेश संयोजक, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़)
कार्यक्रम में अपने प्रभावी एवं ओजस्वी उद्बोधन में  संतोष साहू  ने कहा वीर सैनिक केवल सीमाओं की रक्षा नहीं करते, वे राष्ट्र की आत्मा को सुरक्षित रखते हैं। उनका त्याग और अनुशासन समाज को दिशा देता है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सैनिक परिवार कभी स्वयं को अकेला न समझे। समाज और संगठन उनके साथ सदैव दृढ़ता से खड़ा रहेगा।”
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि जीवन का लक्ष्य होना चाहिए। सेना में जाकर भारतमाता की सेवा करना सर्वोच्च गौरव है और स्व. सुखराम साहू जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ है।
 संतोष साहू  ने यह भी विशेष रूप से कहा कि “वीर सुखराम साहू जी का बलिदान केवल उनके परिवार का निजी दुःख नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनका जीवन हमें कर्तव्य, सत्यनिष्ठा और समर्पण का संदेश देता है।”
कार्यक्रम में वीर सैनिक की माता, धर्मपत्नी, संतानों एवं छोटे भाई को साल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय त्याग का सामूहिक प्रणाम था।
ग्राम रामगढ़ विद्यालय के प्रधान पाठक  एवं सरपंच प्रतिनिधि  प्रहलाद यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।
अंत में संगठन के उपाध्यक्ष  रामनिवास राठौर द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के अनेक पूर्व सैनिक साथी एवं ग्राम के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभा के समापन पर एक स्वर में संकल्प लिया गया —
“जब तक सूर्य-चंद्र रहेगा, वीरों का यश अमर रहेगा।”
वीर हवलदार सुखराम साहू जी का बलिदान सदैव राष्ट्र चेतना को जागृत करता रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image