छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विद्यालय में हुआ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

राधेश्याम सोनवानी

गरियाबंद,राजिम,:- शासकीय रामबिशाल पांडे उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास एवं वैज्ञानिक चेतना के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य बी एल ध्रुव के निर्देशन तथा विज्ञान प्रभारी व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, रसायन के 20 प्रयोग, भौतिकी सिद्धांतों के व्यवहारिक प्रयोग, जीवविज्ञान चित्रकला प्रतियोगिता, अंधविश्वास उन्मूलन आधारित प्रस्तुति कबाड़ से जुगाड़, तथा विज्ञान क्षेत्र के विभिन्न आयामों पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 का थीम “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत की उत्प्रेरक” रहा। जिस पर वक्ता विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला वैज्ञानिकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अंतरिक्ष, चिकित्सा, जैव प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका विकसित भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।साथ ही छात्रों ने आगामी विज्ञान के क्षेत्र में उपयोग होने वाली नई प्रौद्योगिकियों जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स, हरित ऊर्जा, अंतरिक्ष तकनीक और जैव प्रौद्योगिकी के महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा महान वैज्ञानिक डॉ. सी. वी. रमन के योगदान का विशेष उल्लेख किया गया।विद्यार्थियों को बताया गया कि उनके द्वारा खोजे गए ‘रमन प्रभाव’ के कारण ही 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। उनकी खोज ने भारत को विश्व वैज्ञानिक मानचित्र पर प्रतिष्ठित किया और यह संदेश दिया कि जिज्ञासा, अनुसंधान और समर्पण से असंभव भी संभव हो सकता है। कार्यक्रम में प्राचार्य बी एल ध्रुव, वरिष्ठ व्याख्याता सागर शर्मा, कमल सोमकर, नेहा सिंह, जितेंद्र साहू, सरिता साहू, पुणेन्द्र बाघमार, उपासना भगत, पिंकी तारक, साक्षी चंद्राकर, धृति चंद्राकर, डीकर्ण साहू, की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार एवं महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास पर शाला विकास समिति अध्यक्ष सुजाता शर्मा एवं समस्त सदस्यों ने शुभकामनाएँ प्रेषित की है।

Leave Your Comment

Click to reload image