छत्तीसगढ़ / रायपुर

महिला दिवस पर 8 से 13 मार्च तक महा जन-सुनवाई सप्ताह

 महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने राज्य महिला आयोग का आयोजन

 

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से 8 से 13 मार्च तक “महा जन-सुनवाई सप्ताह” आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत राज्य के सभी 33 जिलों से जुड़े महिला उत्पीड़न और अन्य शिकायतों की संभागवार सुनवाई की जाएगी।

आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया कि प्रदेश की महिलाओं को शीघ्र राहत दिलाने के लिए यह विशेष पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में आयोग ने राज्य के विभिन्न जिलों में करीब 370 बार जनसुनवाई आयोजित की है, जिनमें 8000 से अधिक मामलों का निराकरण किया जा चुका है। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस बार संभाग स्तर पर एक साथ बड़े पैमाने पर सुनवाई की जा रही है।

इस महा अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला संरक्षण अधिकारी, सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सलाहकार तथा पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। सुनवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी।

सुबह 10 बजे से शुरू होगी सुनवाई
आयोग के अनुसार सभी संभागों में जनसुनवाई सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। जिन मामलों को पहले से सूचीबद्ध किया गया है, उनमें संबंधित आवेदकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही जो महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे भी मौके पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी।

दो न्यायपीठों का किया गया गठन
सुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए आयोग ने दो विशेष न्यायपीठ गठित किए हैं। मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक करेंगी। यह पीठ महिला उत्पीड़न से जुड़े गंभीर मामलों की सुनवाई कर त्वरित निर्णय लेगी। सहायक न्यायपीठ में आयोग की अन्य सदस्य शामिल रहेंगी, जो ऐसे मामलों पर ध्यान देंगी जिनमें काउंसलिंग और आपसी समझौते से समाधान संभव है।

संभागवार सुनवाई का कार्यक्रम
महा जन-सुनवाई सप्ताह के तहत पांचों संभागों में अलग-अलग तिथियों पर सुनवाई की जाएगी।

9 मार्च – सरगुजा संभाग: अंबिकापुर में आयोजित सुनवाई में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिलों के 101 मामलों की सुनवाई होगी।

10 मार्च – बिलासपुर संभाग: बिलासपुर में बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों के 169 प्रकरणों पर सुनवाई की जाएगी।

11 मार्च – दुर्ग संभाग: दुर्ग में दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के 113 मामलों की सुनवाई होगी।

12 मार्च – रायपुर संभाग: रायपुर में रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद जिलों के 292 प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी।

13 मार्च – बस्तर संभाग: जगदलपुर में बस्तर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर जिलों के 87 मामलों पर सुनवाई होगी।

अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि यह महा जन-सुनवाई सप्ताह प्रदेश की महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। आयोग का लक्ष्य है कि राज्य की कोई भी महिला उत्पीड़न का शिकार न हो और उसे समय पर न्याय मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image