छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

कलेक्टर श्री उइके एवं नगर पालिका के अध्यक्ष श्री यादव ने नगर पालिका क्षेत्र के विकास योजना के संबंध में विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

 बस स्टैंड, छिंद तालाब, देवरनीन तालाब सहित अन्य स्थलों का किया अवलोकन

गरियाबंद, 07 मार्च 2026

गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र के समग्र विकास, शहरी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री रिखिराम यादव ने शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैण्ड, छिंद तालाब, देवरनीन तालाब, बाजार के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हांकन, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने छिंद तालाब स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि तालाब से लगे कुछ खेतों में कृषकों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिससे तालाब की मूल सीमा प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे कृषकों को नोटिस जारी कर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब जैसे जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। कलेक्टर श्री उइके ने छिंद तालाब से लगे देवरनीन तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने, आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित रखने तथा जल स्रोत को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों के आसपास स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने से यह स्थल नागरिकों के लिए आकर्षक बन सकते हैं तथा लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण भी प्राप्त होगा। 
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छिंद तालाब के पास स्थित टर्निंग क्षेत्र का भी अवलोकन कर झाड़ियों को आज से ही साफ-सफाई करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों के आवाजाही सुगम हो सके। साथ ही  उन्होंने वहां साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख मार्ग छुरा रोड पर अतिक्रमण करने वाले को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 
कलेक्टर श्री उइके ने जिला मुख्यालय में प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार की वर्तमान व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थल पर बाजार लगने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तथा नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने साप्ताहिक बाजार को अन्य स्थल पर स्थानांतरित करने को कहा। कलेक्टर श्री उइके ने प्रस्तावित नए बाजार स्थल का निरीक्षण करते हुए वहां बाजार की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, सड़कों की चौड़ाई तथा नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धिरेन्द्र पटेल, नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती संध्या वर्मा, तहसीलदार श्री चितेश देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image