खोगेन्द्र साहू को पीएचडी की उपाधि प्राप्त
लोरमी - आईएसबीएम विश्वविद्यालय गरियाबंद से खोगेन्द्र साहू ने “उरांव जनजाति के बढ़ते आयामों का समाजशास्त्रीय अध्ययन (जशपुर जिले के विशेष संदर्भ मे) विषय पर अपना शोध सफलतापूर्वक पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि अर्जित की है। उनका यह शोध कार्य डॉ. अनिता कुर्रे के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। खोगेंद्र साहू, ग्राम बोडतरा निवासी शिक्षक द्वारिका प्रसाद साहू के सुपुत्र हैं एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले श्री साहू ने अपनी मेहनत, लगन और परिवार से मिले सतत प्रोत्साहन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अपने शोध कार्य में श्री साहू ने जशपुर जिला में निवासरत उरांव जनजाति के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक जीवन का गहन और विश्लेषणात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया है। उन्होंने जनजातीय जीवन शैली में हो रहे परिवर्तनों, पारंपरिक मूल्यों के क्षरण एवं संरक्षण, तथा आधुनिकता के बढ़ते प्रभावों को शोध का केंद्र बनाया है। यह अध्ययन न केवल जनजातीय समाज की वर्तमान स्थिति को उजागर करता है, बल्कि उनके विकास की दिशा में ठोस नीतिगत पहल के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह शोध जनजातीय समाज के समग्र विकास, सामाजिक समावेशन और प्रभावी योजना निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। खोगेन्द्र साहू की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।