छत्तीसगढ़ / मुंगेली

कलेक्टर ने लोरमी में प्रस्तावित नगर उद्यान स्थल का निरीक्षण, भूमि विवाद के शीघ्र निराकरण एवं विकास कार्यों में तेजी के निर्देश*

 विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को प्राथमिकता से दूर किया जाए -  कलेक्टर


लोरमी - विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर  कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ  प्रभाकर पांडेय ने लोरमी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित नगर उद्यान स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका एवं वन विभाग के मध्य भूमि विवाद की स्थिति सामने आई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगर उद्यान निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को प्राथमिकता से दूर किया जाए।
        
  कलेक्टर ने वन विभाग द्वारा निर्मित जर्जर भवन को नियमानुसार हटाने तथा प्रस्तावित उद्यान निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर उद्यान विकसित होने से नागरिकों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा, साथ ही शहर की सुंदरता एवं आकर्षण में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर के मुख्य मार्गों का भी जायजा लिया और ठेला-गुमटी दुकानों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ लोरमी को यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम तत्काल उठाने को कहा, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान हेतु भी निर्देश जारी किए गए। 
        
 कलेक्टर ने अधिकारियों को उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को सुविधा मिले और यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे। इस दौरान एसडीएम  अजीत पुजारी, तहसीलदार शेखर पटेल एवं सीएमओ लोरमी चंदन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image