छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

कलेक्टर ने किया स्वामी आत्मानंद विद्यालय का निरीक्षण

 साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और पेयजल व्यवस्था पर दिए निर्देश

गरियाबंद । कलेक्टर  बीएस उइके ने आज जिला मुख्यालय में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में उपलब्ध सभी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से देखा। वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के पश्चात कलेक्टर ने परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं की स्थिति, रंगाई-पुताई, पेयजल आपूर्ति, रसोई कक्ष, स्वच्छ शौचालय तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी स्कूल में स्वच्छता रखा जाना जरूरी है। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध पेयजल स्रोतों की स्थिति एवं गुणवत्ता का भी जायजा लिया और सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बच्चों के लिए स्वच्छ व शुद्ध पेयजल हर समय उपलब्ध रहे। साथ ही रसोई कक्ष की स्वच्छता और भोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यालय की दीवारों की स्थिति को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर पुट्टी एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की क्षमता वृद्धि पर भी जोर देते हुए प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। जिससे शिक्षण गुणवत्ता में और सुधार लाया जा सके। इसके अलावा कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नए शौचालय निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएमसी  शिवेश शुक्ल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image