छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

विशेष ग्राम सभा में होगी गांव के विकास पर चर्चा

 ज़िले के सभी पंचायतों में 24 अप्रैल को आयोजित होगा विशेष ग्राम सभा



कवर्धा- जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतो मे और उनके आश्रित ग्रामो में 24 अप्रैल को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण विभिन्न विषय पर चर्चा कर गांव के विकास की रूपरेखा तैयार करेंगे। ग्राम सभा में गांव के समस्त निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को एवं सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी का संदेश सभी ग्रामीणों को प्रसारित होगा। ग्राम सभा का आयोजन करने के संबंध में कलेक्टर कबीरधाम श्री गोपाल वर्मा द्वारा जिले के सभी ग्राम पंचायतो को निर्देश प्रसारित किए गए हैं जिनमे कहा गया है कि शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करें।

        ग्राम सभा के आयोजन पर जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि 24 अप्रैल राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर जिले में कार्यक्रम होंगे।इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत लखपति दीदियों का सम्मान,राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण पर भी चर्चा होगा। इसके साथ ही जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए ग्रामीण संकल्प लेंगे। संपदा एप्प में ग्राम के समस्त संपत्तियों के अपलोड करने की कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि सन 1993 के 73वें संविधान संशोधन द्वारा पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा दिया गया है।प्रत्येक वर्ष 24 अप्रैल के दिन राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस का आयोजन होता है जिसमे ग्राम पंचायतों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

Leave Your Comment

Click to reload image