छत्तीसगढ़ / मुंगेली

रैंप योजना अंतर्गत लोरमी में इको टूरिज्म पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण 2–4 मई को आयोजित होगा

 लोरमी। भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत लोरमी के सभा कक्ष में 2, 3 एवं 4 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक इको टूरिज्म एवं छत्तीसगढ़ इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2024–30 पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का आयोजन सीएसआईडीसी के बैनर तले एनआईएमएसएमई (NIMSME), हैदराबाद द्वारा किया जा रहा है।


यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से स्थानीय युवाओं, टूर गाइड्स, महिला स्व-सहायता समूहों, पर्यटन से जुड़े उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं रोजगारपरक साबित होगा।

 कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में इको टूरिज्म को बढ़ावा देना, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करना तथा पर्यटन आधारित स्वरोजगार के अवसरों को विकसित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक पर्यटन के विभिन्न आयामों से अवगत कराया जाएगा, जिसमें एडवेंचर टूरिज्म, इको टूरिज्म, सांस्कृतिक एवं कला पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन तथा होमस्टे कॉन्सेप्ट जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहेंगे। साथ ही प्रतिभागियों को पर्यटकों को आकर्षित करने के नए तरीके, पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय एवं स्थानीय स्तर पर पर्यटन व्यवसाय स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2024–30 के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं, प्रोत्साहनों एवं योजनाओं के बारे में भी विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रतिभागी सरकारी लाभों का उपयोग कर अपने उद्यम को सफलतापूर्वक स्थापित कर सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र में पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा देने एवं स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं, को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

अधिक जानकारी के लिए 75661 95 551 पर संपर्क करें।

Leave Your Comment

Click to reload image