105 वर्षीय राधा बाई को मिला मनरेगा जॉब कार्ड, अब पक्के आवास की जगी उम्मीद होगी पूरी
गरियाबंद । सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित पहल का भावुक कर देने वाला उदाहरण सामने आया। छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कनसिंघी की 105 वर्षीय वृद्धा राधा बाई, जो वर्षों से झुग्गी-झोपड़ी में जीवन यापन करने को मजबूर थीं, उन्हें कलेक्टर बीएस उईके के निर्देश पर प्राथमिकता से मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन लगातार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहा है। जब कलेक्टर बीएस उईके को राधा बाई की स्थिति की जानकारी मिली, तब उन्होंने तत्काल गंभीरता दिखाते हुए शिविर में ही आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर मनरेगा जॉब कार्ड उपलब्ध कराया।
मनरेगा जॉब कार्ड मिलने के बाद अब राधा बाई प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता प्राप्त कर सकेंगी। साथ ही आवास निर्माण में होने वाले श्रम कार्य की मजदूरी भी मनरेगा के माध्यम से उनके खाते में प्राप्त हो सकेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे एवं पात्रता निर्धारण में मनरेगा जॉब कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है।
प्रशासन की इस पहल से अब 105 वर्षीय राधा बाई के लिए पक्के आशियाने की राह आसान हो गई है। वर्षों से असुरक्षित आश्रय में जीवन बिताने वाली वृद्धा को अब सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित आवास मिलने की उम्मीद जगी है। राज्य शासन की संवेदनशीलता, सुशासन और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।