ग्रामीणों व हितग्राहियों के लिए सौगातों भरा रहा ग्राम ढोर्रीठेमा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर
शिविर में 745 आवेदनों का किया गया निराकरण
बालोद । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनता के बीच पहुँचकर उनके मांगों एवं समस्याओं की जानकारी लेने तथा उन्हें शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु बालोद जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आज जिले के डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम ढोर्रीठेमा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम ढोर्रीठेमा सहित शिविर में आसपास के ग्राम पंचायत के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में उपस्थित जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी, नगर पंचायत डौण्डी के अध्यक्ष मोहंतिन चोरका एवं संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, एसडीएम सुरेश साहू, जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, शिव प्रसाद बाटला, पुनीत सेन, रत्ना हिरवानी एवं साधना सोरी सहित अन्य अतिथियों द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल एवं आईस बाॅक्स का वितरण किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र एवं छड़ी, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र एवं केसीसी कार्ड का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था।
इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई के साथ-साथ सामाजिक अपराध बताते हुए शिविर में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर विभिन्न विभागों के द्वारा शिविर में आज अपने-अपने विभागों से संबंधित कुल आवेदन एवं उनके निराकरण की स्थिति के अलावा आम नागरिकों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर लोक कलाकारों के द्वारा सुमधुर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार के महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम ढोर्रीठेमा में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 859 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 745 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सुशासन तिहार के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के चंहुमूखी विकास के लिए कृतसंकल्पित है। कौड़ो ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान शासन एवं प्रशासन के प्रतिनिधि आम जनता के बीच पहुँचकर उनके मांगों एवं समस्याओं से रूबरू होेने के साथ-साथ शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन का भी मूल्यांकन कर रहे हैं। जिससे कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्तियों तक पहुँचाया जा सके। कौड़ो ने भीषण गर्मी में भी ग्राम ढोर्रीठेमा में आयोजित सुशासन तिहार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति पर सराहना व्यक्त की। जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम ने ग्राम ढोर्रीठेमा में आयोजित इस जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थित पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा शुरू किए गए इस सुशासन तिहार के प्रति आम नागरिकों में बहुत ही उत्साह और उमंग का वातावरण है।
उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवदेनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जिससे कि उन्हें शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी ने ग्राम ढोर्रीठेमा में आयोजित इस जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की उपस्थिति को बहुत ही सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है तभी राज्य शासन के इस महत्वाकांक्षी कार्य सफलीभूत हो पाएगा। इस अवसर पर उन्होंने अंचल के प्रमुख मांगों एवं समस्याओं की ओर शिविर में उपस्थित आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट भी कराया।
उल्लेखनीय है कि ढोर्रीठेमा में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कुंजकन्हार, भर्रीटोला, ढोर्रीठेमा, पेण्डरी, पचेड़ा, पटेली, कंुआगोंदी, बोरगांव, उकारी, कांडे, टेकाढोडा, सिंगनवाही, कारूटोला और धोबनी ब ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जन शामिल हुए थे। शिविर में जनपद पंचायत डौण्डी को 564 आवेदन, तहसीलदार डौण्डी को 84 आवेदन, विद्युत विभाग को 43, खाद्य विभाग को 21, कृषि विभाग को 15, महिला एवं बाल विकास विभाग को 17, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 22 एवं श्रम विभाग को 20 आवेदन सहित कुल 859 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 745 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में तहसीलदार देवेन्द्र नेताम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डीडी मण्डले सहित ब्लाक सरपंच संघ के अध्यक्ष ममता मण्डावी, तुलसी राम मरकाम, हिंसाराम साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ढोर्रीठेमा कलस्टर में शामिल आसपास के विभिन्न ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।