छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

सुशासन तिहार : शिविर में 17 गॉवों से सम्मिलित नागरिकों ने प्रशासन को 490 आवेदन सौंपे

 गरियाबंद । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्रदेशभर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जनसमस्या निवारण शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में देवभोग विकासखंड के ग्राम चिचिया स्थित शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजन किया गया। जिसमें 17 गाँवों के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इस दौरान शिविर में 490 आवेदन प्राप्त हुए। 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों की समस्याएँ, शिकायतें और मांगें ध्यानपूर्वक सुनी गईं। प्रत्येक विभागीय टीम ने मौके पर ही प्राप्त अधिकांश आवेदनों का परीक्षण कर त्वरित निराकरण का प्रयास किया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रमुख योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए ग्रामीणजनों को इनका अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पदमलया निधि, जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, जनपद सदस्य गजेन्द्र सोम, शंकर नागेश, सुशीला पाथर, जगमोहन पटेल, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने कहा कि यह प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच है कि शासन एवं प्रशासन स्वयं आम जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं युद्ध जैसे हालातों के बावजूद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आम जनता को पेट्रोल एवं डीजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में खाद्य तेल एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों को भंडारित कर कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाई जाती थीं, लेकिन वर्तमान में ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध भंडारण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समस्त सहकारी समितियों में खाद का भण्डारण किया जा  चुका है। किसानों को खाद की किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। नियमानुसार खाद का वितरण किया जाएगा। समितियों में खाद वितरण प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं सेवाएं प्रदान की गईं। समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण वितरण योजना के तहत चिचिया निवासी प्रभुलाल मांदर, बरबहली निवासी पानो बाई गोविंद को ट्राईसाइकिल वितरित की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा दो महिलाओं की गोदभराई की गई। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image