छत्तीसगढ़ / मुंगेली

पैसे डबल करने का झांसा देने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी, पीड़ितों की शिकायतों के बाद एफआईआर दर्ज होने के संकेत

 मुंगेली-बिलासपुर --- जिले में क्रिप्टो एप्स, टोकन पैकेट tp सहित अन्य एप्स ऑनलाइन निवेश योजनाओं और पैसे डबल करने के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अब पुलिस कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। लगातार सामने आ रही शिकायतों और पीड़ितों के आरोपों के बाद ऐसे लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार जिले में पिछले कुछ समय से कुछ व्यक्तियों द्वारा लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा, निवेश पर दोगुना रिटर्न तथा क्रिप्टो एप्स, टोकन पैकेट सहित अन्य एप्स के माध्यम से तेजी से पैसा बढ़ाने का लालच दिया जा रहा था। शुरुआत में कुछ लोगों को छोटे-छोटे भुगतान कर भरोसा जीतने का प्रयास किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में भोले-भाले लोगों को निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी, बचत और उधार लेकर भी रकम निवेश कर दी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही संबंधित एप्स और योजनाओं में भुगतान रुकना शुरू हुआ, निवेशकों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद जब लोगों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो उन्हें विभिन्न प्रकार के बहाने दिए जाने लगे। कभी तकनीकी समस्या, कभी सर्वर अपडेट, कभी कंपनी की नई पॉलिसी और कभी भुगतान जल्द शुरू होने का आश्वासन देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई। लेकिन समय बीतने के बावजूद निवेशकों को उनका पैसा वापस नहीं मिल पाया।
पीड़ितों का आरोप है कि पैसे डबल करने का सपना दिखाकर उन्हें योजनाबद्ध तरीके से जाल में फंसाया गया। कई लोगों ने अपने परिचितों, रिश्तेदारों और दोस्तों को भी इसमें जोड़ दिया था, जिसके कारण अब सामाजिक और पारिवारिक विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है। निवेशकों का कहना है कि जब तक पैसा जमा कराया जा रहा था तब तक संबंधित व्यक्ति लगातार संपर्क में था, लेकिन अब जवाब देने से बच रहा है और जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर रहा है।
       सूत्रों के अनुसार अनेक पीड़ित अब सामूहिक रूप से पुलिस और प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि लोगों को अवास्तविक लाभ का लालच देकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारों का कहना है कि बिना किसी वैध अनुमति, नियामक स्वीकृति या पारदर्शी व्यवसाय मॉडल के यदि कोई व्यक्ति कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा करता है तो लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। ऐसे मामलों में अधिकांश निवेशक बाद में आर्थिक नुकसान का शिकार होते हैं।
इधर जिले में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल गर्म है। बड़ी संख्या में प्रभावित लोग अपने निवेश की रकम वापस पाने के लिए प्रयासरत हैं। पुलिस तक पहुंच रही शिकायतों के आधार पर जल्द ही संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन और पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की पैसे डबल करने वाली योजना, क्रिप्टो, टोकन पैकेट tp सहित अन्य एप्स निवेश के नाम पर गारंटीड मुनाफे के दावे या अवास्तविक रिटर्न के प्रलोभन में न आएं तथा निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Leave Your Comment

Click to reload image