छत्तीसगढ़ / मुंगेली

नायब तहसीलदार से मारपीट के विरोध में राजस्व लिपिकीय कर्मचारियों का कलमबंद आंदोलन, 2 जून को सामूहिक अवकाश

 मुंगेली। उप तहसील राजापुर, तहसील मैनपाट (जिला सरगुजा) में शासकीय कर्तव्य का निर्वहन कर रहे नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ हुई मारपीट एवं अभद्रता की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजस्व लिपिकीय संघ ने प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश एवं कलमबंद आंदोलन का आह्वान किया है। संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार दिनांक 02 जून 2026 (मंगलवार) को प्रदेश भर के राजस्व विभाग में कार्यरत कर्मचारी सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर रहेंगे। इसी क्रम में जिला कार्यकारिणी के नेतृत्व में जिले के कलेक्टर कार्यालय, तहसीलों एवं अनुविभागीय कार्यालयों में पदस्थ समस्त राजस्व लिपिकीय कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे। संघ का कहना है कि शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कर्तव्य निर्वहन के दौरान होने वाली हिंसात्मक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं तथा ऐसी घटनाओं से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है। नायब तहसीलदार श्री तुषार मानिक के साथ हुई घटना को लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजस्व लिपिकीय संघ के जिला अध्यक्ष एस. ए. रिजवी ने जिले के समस्त राजस्व कर्मचारियों से आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक कर्मचारी के साथ हुई घटना के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय सेवकों की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से 02 जून को सामूहिक अवकाश लेकर कलमबंद आंदोलन को सफल बनाने तथा घटना के प्रति अपना पुरजोर विरोध दर्ज कराने का आग्रह किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image