छत्तीसगढ़ / रायपुर

10 साल की अरुणिमा का जादू बरकरार, भरथरी गायन से फिर बटोरी वाहवाही

 रायपुर । राजधानी रायपुर की 10 वर्षीय प्रतिभाशाली बाल कलाकार अरुणिमा शर्मा ने एक बार फिर अपनी गायकी और वादन से सभी का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शाबाशी मिलने के महज 10 दिन बाद अरुणिमा ने मुक्ता काशी मंच पर भरथरी गायन की शानदार प्रस्तुति देकर खूब सुर्खियां बटोरीं।


छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा महंत घासीदास संग्रहालय में आयोजित ‘आकार 2026’ कला प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में अरुणिमा ने भरथरी गायन के जन्म प्रसंग की प्रस्तुति दी। यह उनकी भरथरी शैली में पहली मंचीय प्रस्तुति थी, जिसे दर्शकों ने जमकर सराहा।

अरुणिमा ने शिविर में कलागुरु प्रांजल सिंह राजपूत से भरथरी कला का प्रशिक्षण लिया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने हारमोनियम के साथ वंदे मातरम् और अरपा पैरी के धार राजगीत की प्रस्तुति से की, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद भरथरी गायन की कथा और गीतों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

इससे पहले 30 मई को प्रेस क्लब के पत्रकारिता मार्तंड उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से ही अरुणिमा की गायकी और हारमोनियम वादन की खुलकर प्रशंसा की थी। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा को अद्भुत बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी थीं और उनकी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा की थीं।

कम उम्र में ही लोकगीत, भजन, गजल, हिंदी गीत और शास्त्रीय संगीत में अपनी पहचान बना चुकी अरुणिमा कई प्रतियोगिताओं में खिताब जीत चुकी हैं। बस्तर आइडल, राजनांदगांव मड़ई, मोहनम और इंडियन आर्ट फेस्टिवल जैसी प्रतियोगिताओं में भी वह अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।

समापन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मोना सेन, संस्कृति विभाग के संचालक संजय कन्नौजे और लोकगायक सुनील सोनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
 

 

Leave Your Comment

Click to reload image