’आग से खतरा, दुर्घटना-जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने जारी की सावधानी संबंधी एडवाइजरी’
कोरिया |
2026-06-10 17:45:36
कोरिया : ’आग से खतरा, दुर्घटना-जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने जारी की सावधानी संबंधी एडवाइजरी’
’आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील’
कोरिया 10 जून 2026
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों तथा विभिन्न संस्थानों से आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने का आग्रह किया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अग्निशमन विभाग के अनुसार ग्रीष्म ऋतु के दौरान विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ने तथा अत्यधिक तापमान के कारण शॉर्ट सर्किट और आगजनी की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विद्युत वायरिंग एवं उपकरणों की नियमित जांच कराना आवश्यक है। विभाग ने सलाह दी है कि जिन विद्युत उपकरणों का उपयोग नहीं हो रहा हो, उन्हें बंद रखा जाए तथा ओवरलोडिंग से बचा जाए।
रसोईघरों में एलपीजी गैस का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की गई है। गैस रिसाव की आशंका होने पर तुरंत गैस एजेंसी को सूचना देने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। विभाग ने नागरिकों से गैस सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप की नियमित जांच कराने का भी आग्रह किया है।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों के लिए जारी निर्देशों में कहा गया है कि अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कर्मचारियों को उनके संचालन और उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाए। इसके अलावा भवनों के निकास मार्ग, सीढ़ियां और आपातकालीन रास्ते अवरोध मुक्त रखे जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी संभव हो सके।
जिला अग्निशमन अधिकारी ने कहा है कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आग से संबंधित किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की है।
आपातकालीन सहायता के लिए नागरिक अग्निशमन सेवा के टेलीफोन नंबर 07836-299112 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि जन-धन की हानि से बचा जा सके।