छत्तीसगढ़ / मुंगेली

वर्षा ऋतु पूर्व नाली सफाई अभियान जारी

लोरमी - आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद लोरमी द्वारा नगर क्षेत्र में नालियों की व्यापक सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा के निर्देश पर मुख्य मार्गों सहित विभिन्न वार्डों की नालियों से गाद, कचरा एवं अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो ।

नगर पालिका के स्वच्छता अमले द्वारा प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में नाली सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नालियों में जमा कचरे और सिल्ट को निकालकर उनका उचित निस्तारण किया जा रहा है, ताकि बारिश के समय पानी का प्रवाह बाधित न हो ।

नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों का कचरा नालियों में न डालें तथा केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदियों को ही कचरा प्रदान करें। नालियों में कचरा डालने से जल निकासी बाधित होती है, जिससे जलभराव, गंदगी एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है ।

उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों एवं नालियों में कचरा फेंकने पर जुर्माने का प्रावधान है । नगर पालिका द्वारा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।

नगर पालिका परिषद लोरमी ने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव-मुक्त नगर निर्माण में सहयोग करने की अपील की है ।

Leave Your Comment

Click to reload image