छत्तीसगढ़ / रायपुर

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

 “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

रायपुर, 22 जून 2026

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा (अम्बिकापुर) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के सिटी ऑफिस, दर्रीपारा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन वैश्विक थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ उम्र बढ़ाने के लिए योग) पर आधारित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र लाकपाले ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का संपूर्ण विज्ञान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ, संतुलित एवं ऊर्जावान जीवन का आधार है। वृद्धावस्था में भी सक्रिय एवं स्वस्थ बने रहने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए युवाओं से योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की दिशा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ श्रीमती ममता तिवारी ने विशेष वक्ता के रूप में योग एवं प्राणायाम के वैज्ञानिक तथा व्यावहारिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न योगासनों की सही विधियों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास अनेक बीमारियों से बचाव, मानसिक शांति और दीर्घायु प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है।

राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक श्री खेमकरण अहिरवार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि योग स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक चेतना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग के सकारात्मक संदेश को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। पूरे आयोजन के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर प्रोफेसर रोहिताश देशमुख, प्रोफेसर नीरज श्रीवास्तव, डॉ. रंजीत हरवंश, डॉ. हरिशंकर प्रसाद तोंडे, डॉ. रेशम प्रधान, डॉ. धीरज कुमार यादव, डॉ. अतुल कुमार वर्मा, श्री टैमन लाल देवांगन, श्री असीम, डॉ. समन नारायण उपाध्याय, डॉ. किशोर सिंह, डॉ. अमृता कुमारी पांडा, डॉ. प्रिया रॉय, श्री विवेक कृष्णा, श्री चौन सैय, श्री भुवन एवं श्री प्रकाशमणि सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image