पूर्व सैनिकों को टोल टैक्स में पूर्ण छूट प्रदान किए जाने को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव को ज्ञापन सौपे
लोरमी - छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव से रायपुर स्थित निवास में सौजन्य भेंट कर राज्य के समस्त पूर्व सैनिकों को टोल टैक्स में पूर्ण छूट प्रदान किए जाने हेतु ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के सम्मान, उनके अधिकारों एवं आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। ज्ञापन के माध्यम से यह आग्रह किया गया कि जिन वीर जवानों ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित किया है, उन्हें राज्य स्तर पर विशेष सुविधा प्रदान कर सम्मानित किया जाए।
इस दौरान रायपुर जिला संयोजक राकेश सोनी एवं जय प्रकाश नायक भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि पूर्व सैनिकों का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित न रहकर व्यवहारिक रूप में दिखाई देना चाहिए। इसी उद्देश्य से टोल टैक्स में पूर्ण छूट की मांग की गई है, जिससे पूर्व सैनिकों को दैनिक जीवन में राहत मिल सके।प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उप मुख्यमंत्री इस विषय पर सकारात्मक पहल करते हुए पूर्व सैनिकों के हित में ठोस एवं प्रभावी निर्णय लेंगे।