शिकायत के बाद भी नहीं बनी नाली, गंदे पानी में जीने को मजबूर वार्डवासी — नगर पालिका की लापरवाही उजागर
कवर्धा। नगर पालिका परिषद कवर्धा की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 08 गली नंबर 04 शिक्षक कालोनी के रहवासियों द्वारा महीनों पहले नाली निर्माण की मांग को लेकर लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है। उपलब्ध दस्तावेज और मौके की तस्वीरें साफ बता रही हैं कि जिम्मेदार अधिकारियों ने जनता की मूलभूत समस्या को नजरअंदाज कर दिया है।
वार्डवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि क्षेत्र में करीब पांच वर्ष पहले सीसी रोड का निर्माण किया गया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि सड़क बनने के बाद आज तक नाली निर्माण नहीं कराया गया। इसका सीधा परिणाम यह है कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी खुले में बह रहा है और निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है।
मौके की तस्वीरें इस लापरवाही की पोल खोल रही हैं। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मकान के किनारे गंदा और बदबूदार पानी जमा है, जिससे आसपास का माहौल दूषित हो चुका है। बरसात के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप ले चुकी है। कीचड़, गंदगी और जलभराव ने रहवासियों का जीना दूभर कर दिया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन की चुप्पी समझ से परे है। सवाल यह उठता है कि आखिर जब आवेदन पर नगर पालिका की मुहर लगी है और शिकायत आधिकारिक रूप से दर्ज है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
वार्डवासियों का आरोप है कि नगर पालिका सिर्फ कागजों में विकास दिखाने में लगी है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। करोड़ों के विकास कार्यों का दावा करने वाली नगर पालिका एक साधारण नाली निर्माण तक नहीं करा पा रही है, जिससे प्रशासनिक संवेदनहीनता साफ झलकती है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नाली निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन और जनदर्शन में शिकायत करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका परिषद कवर्धा जनता की इस बुनियादी समस्या पर कब तक आंखें मूंदे रहती है, या फिर जिम्मेदार अधिकारी इस शिकायत को भी अन्य आवेदनों की तरह फाइलों में दबाकर छोड़ देंगे।