छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

** कलेक्टर ने किया सुदूर वनांचल क्षेत्रों का भ्रमण**

 ** कलेक्टर ने किया  सुदूर वनांचल क्षेत्रों का  भ्रमण**


निर्माणधीन विकास कार्यों का लिया जायजा, ग्रामीणों से की चर्चा*

कवर्धा -कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आदिवासी बाहुल्य बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्रों के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर वहां संचालित विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम मांदी भाट में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित प्रधानमंत्री आवास, ग्राम खरिया में जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी टंकी तथा ग्राम पचराही में गौ प्रशिक्षण सह गौधाम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्राम मांदीभाट में प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की हितग्राही श्रीमती चैन बत्ती के नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास का अवलोकन किया। निर्धारित समयावधि में आवास निर्माण पूर्ण होने पर उन्होंने हितग्राही को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत खरिया में प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत कुल 145 आवासों में से 106 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण भगवान सिंह द्वारा पशु शेड की मांग किए जाने पर कलेक्टर ने एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम खरिया में जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस पानी टंकी के माध्यम से ग्राम के सभी 363 घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्राम पचराही पहुंचकर गौ प्रशिक्षण सह गौधाम का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 7 एकड़ भूमि में स्थित इस गौधाम में प्रशिक्षण केंद्र, बछड़ा शेड सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए गए हैं। कलेक्टर ने गौधाम की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान ग्राम पचराही के ग्रामीणों ने कंकालीन मंदिर के विकास कार्यों को पूर्ण कराने के संबंध में कलेक्टर के समक्ष मांग रखी। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान एसडीएम श्री आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image