छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

सेवा संकल्प और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मंदिर, तालाब परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई

 स्वच्छ शहर, सुंदर शहर का संकल्प लेकर श्रमदान में जुटे नागरिक

सांसद श्री चिंतामणि महाराज सहित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने की सहभागिता

स्वच्छाग्रही दीदियों के सम्मान से सेवा को नमन, स्वच्छाग्रही दीदियों को किया गया सम्मानित

सूरजपुर/02 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में स्वच्छता गतिविधियों को जनभागीदारी से गति दी जा रही है। इसी क्रम में गांधी जयंती पर महामाया मंदिर एवं तालाब परिसर सहित जिले के विविध स्थानों में सामूहिक श्रमदान की प्रेरक तस्वीर जनभागीदारी का साक्षी बना। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वच्छाग्रही दीदियों और नागरिकों ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई की। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सभी ने अपने श्रम से सार्वजनिक स्थलों को संवारते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस दौरान गांधी जयंती के अवसर पर सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज के द्वारा महात्मा गांधी की छायाचित्र पर माल्यापर्ण किया गया।
                  विकासखंड सूरजपुर अंतर्गत देवीपुर के महामाया मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैंकरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ नागरिक, श्री मुरली मनोहर सोनी, श्री अजय अग्रवाल, श्री शशिकांत गर्ग, श्री थलेश्वर साहू, श्री विजय राजवाड़े, श्री अरविंद मिश्रा, श्री संत सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री शैलेश अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील तथा जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
                  सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी और कलेक्टर श्रीमती रेना जमील स्वयं हाथों में झाड़ू लेकर सफाई में जुटे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छाग्रही दीदियों को श्रमदान करते देख नागरिक भी उत्साहपूर्वक आगे आए। सभी ने मिलकर परिसर की सफाई की और अपने श्रम से संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश का संकल्प साकार होगा।
               मंदिर और तालाब परिसर की सफाई के लिए एक साथ जुटे हाथों ने स्वच्छता को जन-जन की जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया। इस दौरान परिसर एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों से कचरा और अपशिष्ट हटाकर साफ-सफाई की गई। नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। स्वच्छता को अभियान तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों की सहभागिता ने स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश के संकल्प को मजबूत किया।

स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान कर सेवा के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम में अतिथियों ने स्वच्छाग्रही दीदियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में योगदान देने वाली दीदियों का सम्मान कर उनके श्रम और सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान का संकल्प के साथ घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाने संकल्प
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता के प्रति सजग रहने, प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने तथा न स्वयं गंदगी करने और न दूसरों को करने देने की प्रतिज्ञा ली। शपथ के दौरान अपने परिवार, मोहल्ले, गांव एवं कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करने और गांव-गांव, गली-गली तक स्वच्छ भारत का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया। प्रत्येक सहभागी ने इस संकल्प से 100 अन्य व्यक्तियों को जोड़ने तथा उन्हें श्रमदान के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा भी ली। स्वच्छता की ओर बढ़ाए गए प्रत्येक कदम से स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

स्वच्छ परिवेश के साथ नशा मुक्त समाज बनाने की प्रतिज्ञा
प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समुदाय को नशामुक्त बनाने के लिए प्रयास करने की प्रतिज्ञा ली। नशामुक्ति अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा राज्य एवं देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने का संकल्प लिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image