सुनील ने कराया नेवता भोज,शामिल हुई जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह,कुंती जायसवाल सेमरसल स्कूल में सुनील ने कराया नेवता भोज
मुंगेली |
2026-07-03 13:38:18
वर्षा सिंह ने सेमरसल स्कूल के नेवता भोज को बताया अनुकरणीय,सुनील कश्यप की पीठ थपथपाई
सेमरसल नेवता भोज में शामिल हुए डीईओ,जनपद अध्यक्ष, जि.पं.मुंगेली
लोरमी - शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरसल में शासन की महत्वाकांक्षी योजना नेवता भोज का आयोजन युवा सुनील कश्यप ने कराया। आपको बता दें कि बच्चों का जन्मदिन या घर के मांगलिक अवसरों पर शासन ने सामूहिक सहभागिता को बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यान्ह भोजन में नेवता भोज जैसे आकर्षक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया है। इसी के तारतम्य में जिलाशिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में जिला पंचायत सदस्य कुंती उदय जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह के आतिथ्य में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आयोजक सुनील कश्यप ग्राम ठरकपुर ने अपने पुत्र अर्थ कश्यप के तीसरे जन्मदिवस के अवसर पर अपने परिवारजनों की उपस्थिति में स्कूली बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया। सर्वप्रथम अतिथियों ने अर्थ कश्यप को जन्मदिन की बधाई दिए। दीप प्रज्वलित कर व मिठाई खिलाकर उन्हें उपहार भेंट किया। उसके पश्चात अपने संबोधन में कुंती उदय जायसवाल ने बच्चों को शाला परिवार को अपनी ओर से शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने बच्चों को पढ़ाई लिखाई से संबंधित छोटी-छोटी बातें बताई। जन्मदिन के अवसर पर इतना सुंदर पहल करने के लिए सुनील कश्यप की पीठ थपथपाई उनका हौसला बढ़ाया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधि तथा शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों को वर्तमान सत्र में शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ तथा बच्चों के लिए सुगम बनाने का आह्वान किया। नवगठित बाल कैबिनेट के सदस्यों को बैच पहनाकर उनके कर्तव्यों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूली पढ़ाई के अनुभव को साझा किया। शासन के कार्यक्रमों के बारे में बताया। बच्चों को अंग्रेजी और हिंदी में धारा प्रवाह पठन, मध्यान भोजन की स्थिति, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय के संसाधनों की स्थिति पर अपनी सारगर्भित बात रखी। सभी ने एक साथ भोजन मंत्र के साथ नेवता भोज का आनंद लिया। नेवता भोज में पूरी, खीर, केला, लड्डू, दाल, भात, सब्जी जैसे पकवान पाकर बच्चों के चेहरे खिल गए। आए हुए अतिथियों को विद्यालय परिवार की ओर से भारतमाता का दिव्य चित्र भेंट किया गया। इस कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महेत्तर कश्यप, विजय निषाद, सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार अनंत, मदन ध्रुव, उपाध्यक्ष सुनील मिश्रा, दामोदर पांडे, बीईओ मनीषा पाटले, सुनील शर्मा, एपीसी लेखराम साहू, तीरथ बड़गइया, संकुल प्राचार्य दीपक ध्रुव,समन्वयक रामकुमार साहू, प्रधानपाठक आत्माराम कश्यप, आरती गुप्ता, शिक्षक राकेश पांडेय, राजकुमार कश्यप, पुष्पा चतुर्वेदी, उमाशंकर सिंह, ललिता शर्मा, स्मिता क्षत्रिय, स्वतंत्र ध्रुव, गौकरण डिंडोले, संतोष साहू, इतवारी साहू, ताम्रध्वज कश्यप, सीताराम कश्यप, लालाराम साहू, बद्री कश्यप, भानु जायसवाल सहित बाल कैबिनेट से प्रधानमंत्री राधिका साहू, प्रेम कश्यप, शिक्षामंत्री मेघा ध्रुव, अनुशासन मंत्री लकेश्वरी साहू, खेलमंत्री उमंग साहू सहित 250 से अधिक संख्या में नेवता भोज का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।