लोरमी - छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू एवं प्रदेश पदाधिकारियों की सहमति से प्रदेश किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चोवाराम साहू ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए लोरमी विधानसभा के सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं सरल व्यक्तित्व के धनी विनय साहू को प्रदेश सहसंयोजक, किसान प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
विनय साहू की नियुक्ति से लोरमी सहित पूरे क्षेत्र के साहू समाज में हर्ष का वातावरण है। समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं सक्रिय नेतृत्व से किसान प्रकोष्ठ को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
विनय साहू का सामाजिक जीवन लंबे समय से सक्रिय रहा है। वे पूर्व अध्यक्ष, साहू युवा प्रकोष्ठ तहसील लोरमी, पूर्व सचिव, तहसील साहू संघ लोरमी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, साहू युवा प्रकोष्ठ एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़, पूर्व संरक्षक, तहसील साहू संघ लोरमी तथा वर्तमान में सलाहकार, तहसील साहू संघ लोरमी के रूप में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
उन्होंने तहसील साहू समाज लोरमी में वर्षों से आयोजित होने वाले सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम को प्रारंभ कर उसे निरंतर सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही साहू समाज के भवन निर्माण सहित अनेक सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
अपनी नियुक्ति पर विनय साहू ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा समाजहित और किसान हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।