एक पेड़ मां के नाम 3.0 : गीधा बाईपास बनेगा हरित कॉरिडोर केंद्रीय मंत्री, डिप्टी सीएम और विधायक ने किया पौधारोपण*
मुंगेली |
2026-07-25 17:43:01
एक पेड़ मां के नाम 3.0 : गीधा बाईपास बनेगा हरित कॉरिडोर केंद्रीय मंत्री, डिप्टी सीएम और विधायक ने किया पौधारोपण*
*पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का दिया संदेश*
मुंगेली - पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई ऊर्जा देने वाले "एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0" के तहत जिले के गीधा बाईपास मार्ग पर व्यापक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। जिले के प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा विधायक पुन्नूलाल मोहले ने मौलश्री का पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 415 पौधों का रोपण किया जा चुका है। गीधा बाईपास को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल मार्ग के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में चरणबद्ध पौधारोपण किया जाएगा। प्रथम चरण में करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष मार्ग पर भी शीघ्र पौधारोपण किया जाएगा।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और समुचित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में सघन हरित आवरण का रूप ले सकें। स्थानीय जलवायु के अनुरूप मौलश्री सहित विभिन्न प्रजातियों का चयन किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने की अपील की।