बिजली ऑफिस का बोड़ला कांग्रेस ने किया घेराव, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा जनता का गुस्सा*
कबीरधाम |
2026-08-01 11:20:37
*बिजली ऑफिस का बोड़ला कांग्रेस ने किया घेराव, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा जनता का गुस्सा*
*स्मार्ट मीटर नहीं, जनता को लूटने का हथियार है भाजपा सरकार — नवीन जायसवाल*
कवर्धा पोड़ी/ में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का गुस्सा शुक्रवार को पोड़ी में खुलकर सामने आया। जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष छबिलाल वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और सरकार पर जनता के साथ विश्वासघात और आर्थिक लूट का आरोप लगाया गया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश का हर वर्ग संकट में है। महंगे बिजली बिलों ने आम परिवारों की कमर तोड़ दी है, किसान खाद-बीज के लिए दर-दर भटक रहे हैं, महिलाएं बढ़ती महंगाई में घर चलाने को मजबूर हैं और स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीबों की जेब काटी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी समितियों में खाद नहीं है, जबकि निजी दुकानों में खुलेआम ऊंचे दामों पर खाद उपलब्ध है। यह सरकार किसानों और गरीबों की नहीं, बल्कि मुनाफाखोरों की सरकार बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग गरीबों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाकर बिजली काटने पहुंच जाता है, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान करने कोई अधिकारी नहीं पहुंचता। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर योजना पर तत्काल रोक लगाने और बढ़े हुए बिजली बिल वापस लेने की मांग की।
नवीन जायसवाल ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जब युवा और छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करते हैं तो उन पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग किया जाता है। भाजपा सरकार जनता की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने में लगी हुई है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष होरीराम साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का जीना मुश्किल कर दिया है। किसान खाद, बीज और उर्वरक के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
*ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छबिलाल वर्मा ने कहा कि* भाजपा सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा लाखों परिवार भुगत रहे हैं। बिजली बिलों का बोझ लगातार बढ़ रहा है और आम आदमी दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं महंगाई, बढ़ते बिजली बिल और अपराधों से सबसे अधिक प्रभावित हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान केवल भाषणों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
धरना-प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर योजना वापस नहीं ली गई, बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत नहीं दी गई और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पूरे जिले में व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का हर स्तर पर विरोध करेगी।
कार्यक्रम में प्रमुखरूप से प्रदेश सचिव वीरेन्द्र जांगड़े,कवर्धा शहर अध्यक्ष अशोक सिंह, मणिकांत त्रिपाठी, घनश्याम साहू, उत्तर दिवाकर, प्रभाती मरकाम, महेश चंद्रवंशी, गोपाल चंद्रवंशी, मनीष शर्मा, भीषण पांडेय, सुधांशु बघेल, ख़ोरबहर साहू, राजेंद्र साहू, लखन सिंह राजपूत, चंद्रभान कोसले, अन्नपूर्णा चंद्राकर, सहित बड़ी संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।