छत्तीसगढ़ / मुंगेली

गांधीडीह कन्या आश्रम की छात्राओं को मिली खेल सामग्री

 खेलों से विकसित होता है आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता -सहायक आयुक्त शिवकुमार बांधे

मुंगेली, 01 अगस्त 2026

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकासखंड लोरमी के ग्राम गांधीडीह स्थित कन्या आश्रम में छात्राओं को विभिन्न खेल सामग्रियों का वितरण किया गया। विभाग के सहायक आयुक्त श्री शिवकुमार बांधे ने शुक्रवार को आश्रम का भ्रमण कर छात्राओं को खेल सामग्री प्रदान की। खेल सामग्री प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्री बांधे ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने से छात्राओं का व्यक्तित्व निखरता है और वे जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने में सक्षम बनती हैं।

उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ प्रतिदिन खेलकूद के लिए समय निकालने की अपील करते हुए कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। साथ ही आश्रम के अधीक्षक एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि छात्राओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल किया जाए तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

खेल सामग्री वितरण के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न खेल सामग्रियों के साथ नियमित अभ्यास करने का संकल्प लिया। आश्रम परिसर में छात्राओं ने खेलों के महत्व पर चर्चा करते हुए विभाग की इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर आश्रम के अधीक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image