सेवा के साथ मनाया बेटी का जन्मदिन, शिक्षिका ने विद्यार्थियों को भेंट की यूनिफॉर्म सामग्री
पंडरिया । जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय समाज सेवा का माध्यम बनाते हुए कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला महली की शिक्षिका श्रीमती सुधा सकुनिया ने अपनी चार वर्षीय पुत्री वैष्णवी के जन्मदिन पर एक सराहनीय पहल की। इस अवसर पर विद्यालय के 110 छात्र-छात्राओं को टाई, बेल्ट और मोजे वितरित किए गए।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि नन्हीं वैष्णवी ने स्वयं अपने हाथों से विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान की। बच्चों ने भी खुशी के साथ उपहार ग्रहण करते हुए वैष्णवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यालय का माहौल उत्साह और आत्मीयता से भर गया।
वैष्णवी के पिता दीपक सकुनिया ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही सेवा और सहयोग की भावना विकसित करना सबसे बड़ा संस्कार है। यदि विशेष अवसरों को समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ साझा किया जाए, तो उसका महत्व और बढ़ जाता है।
विद्यालय के प्रधान पाठक पवन पाठक ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और दूसरों की मदद करने का व्यवहारिक पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार जन्मदिन या अन्य पारिवारिक अवसरों पर जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटे, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षक सुरेश देवांगन और शिक्षिका इन्द्राणी डोरे ने भी वैष्णवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षिका सुधा सकुनिया, दीपक सकुनिया और नन्हीं वैष्णवी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपहार उनके लिए सिर्फ सामग्री नहीं, बल्कि स्नेह और प्रेरणा का प्रतीक है।
यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उन्हें दूसरों के साथ साझा किया जाए। शिक्षिका सुधा सकुनिया की यह पहल समाज में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आई।