छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

भावना बोहरा की 151 किमी कांवड़ यात्रा का रणवीरपुर से धार्मिक शुभारंभ, आज अमरकंटक के लिए होंगी रवाना

 पंडरिया। सावन के पावन अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा अमरकंटक से भोरमदेव तक निकाली जाने वाली 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा का धार्मिक शुभारंभ उनके गृह ग्राम रणवीरपुर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने मां महामाया मंदिर एवं भगवान बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


कांवड़ यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पूरे रणवीरपुर ग्राम में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामवासी पूजा-अर्चना में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की धुन के बीच श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा के सफल आयोजन की कामना की। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय उत्साह से गूंज उठा।

विधायक भावना बोहरा आज रणवीरपुर से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगी। इसके बाद अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर लगभग 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा शुरू होगी, जो भोरमदेव तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।

बताया गया है कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा मार्ग में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। विधायक भावना बोहरा की इस पदयात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
रणवीरपुर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा की शुरुआत ने इसे और भी विशेष बना दिया। गृह ग्राम के ग्रामीणों ने विधायक को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की। अब सभी की नजरें अमरकंटक से शुरू होने वाली इस 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा पर टिकी हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image