छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

*15 अगस्त के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां जारी, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण*

 *15 अगस्त के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां जारी, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण*


*सीईओ जिला पंचायत ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश*

कवर्धा, 11 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में किया जाएगा। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार समारोह की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। इसी क्रम में आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने मुख्य समारोह स्थल पर की जा रही तैयारियों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, मंच एवं पंडाल, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, साज-सज्जा, माईक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही आमंत्रित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सीईओ ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग तथा प्रवेश और निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मंच, बैठक व्यवस्था, माईक एवं विद्युत व्यवस्था, फ्लैक्स सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों को सौंपे गए दायित्वों के अनुसार की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। सीईओ श्री अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्व के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री रामप्रसाद आंचला, एसडीएम श्री चेतन साहू, डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दूल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image