छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

श्रम यशस्वी पुरस्कार के लिए 5 अक्टूबर तक आवेदन

गरियाबंद ।  श्रम विभाग द्वारा श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक एवं संस्था को स्वर्गीय रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के तहत चयनित श्रमिक अथवा संस्था को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंती बंसल ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक एवं संस्था का उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए चयन किया जाएगा। ऐसे श्रमिक अथवा संस्था, जिन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रभावी उपाय किए हों, जिसके कारण उक्त अवधि में कोई गंभीर दुर्घटना न हुई हो तथा सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया हो, पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे कार्यों से श्रम क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले श्रमिक एवं संस्थाओं का चयन किया जाएगा।

इच्छुक श्रमिक एवं संस्था द्वारा 5 अक्टूबर 2026 तक श्रम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। श्रम यशस्वी पुरस्कार से संबंधित नियम, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवेदन पत्र सहित अन्य आवश्यक जानकारी श्रम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदक विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image