भाजपा सरकार की नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ी : जावेद खान
भिलाई । बढ़ती महंगाई, बिजली की बढ़ी हुई दरों और स्मार्ट मीटर की मार से तड़पती जनता के हक में आवाज उठाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के प्रवक्ता जावेद खान ने भाजपा की केंद्र और छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार को आड़े हाथों लिया है। प्रवक्ता जावेद खान ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आते ही आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। एक तरफ बिजली की दरें बढ़ा दी गई हैं, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटरों के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बेतहाशा बिल का भुगतान करना पड़ रहा है। रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है, जो शक्कर पहले 45 रुपये प्रति किलो मिलती थी, वह अब बढ़कर 65 रुपये हो चुकी है। पेट्रोल और रसोई गैस के दाम पहले से ही आसमान छू रहे हैं, और हाल ही में रोजाना के खाने वाले चावल के दाम में भी प्रति किलो 5 से 7 रुपये तक का इजाफा कर दिया गया है।
जावेद खान ने महतारी वंदन योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि के वाईसी के नाम पर छत्तीसगढ़ की हजारों जरूरतमंद महिलाओं के नाम योजना से काट दिए गए हैं। अब जो कुछ महिलाएं बची हैं, उन्हें केवल 1,000 रुपये की नाममात्र सहायता राशि दी जा रही है। आज के दौर में जब खाने-पीने की सभी चीजों की कीमतें आसमान छू रही हैं, तब यह सवाल उठता है कि क्या छत्तीसगढ़ के एक साधारण परिवार की महिला मात्र 1,000 रुपये में अपना और अपने परिवार का गुजर-बसर कर सकती है? उन्होंने महिलाओं और आम जनता से अपील की कि बढ़ती महंगाई और स्मार्ट मीटर की आड़ में की जा रही लूट के खिलाफ वे सामूहिक रूप से अपनी आवाज बुलंद करें। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराना ही एकमात्र रास्ता बचा है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि बिजली की बढ़ी हुई दरों और स्मार्ट मीटर से आ रहे बेतहाशा बिलों को तत्काल नियंत्रित किया जाए और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाकर आम जनता को राहत दी जाए।