गेरवानी शराब दुकान में गार्ड पर फायरिंग का खुलासा, आरोपी बिहार से गिरफ्तार
रायगढ़ । पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में प्राइवेट गार्ड पर गोली चलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के बाद बिहार भागे 19 वर्षीय आरोपी विवेक कुमार यादव को जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है।
डांट का बदला लेने गार्ड पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात था। करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। दोनों का गार्ड से देर रात शराब दुकान आने को लेकर विवाद हुआ और गार्ड ने उन्हें डांट-फटकार लगाई।
इसके बाद दोनों लेबर क्वार्टर लौट गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गार्ड की डांट से उसका साथी रोशन परेशान होकर रोने लगा। इससे नाराज होकर विवेक पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंचा और गार्ड से विवाद के दौरान गोली चला दी। गोली चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी।
CCTV से मिली अहम कड़ी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के दौरान आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव, निवासी जमुई, बिहार के रूप में हुई।
जानकारी मिलने के बाद उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से ग्राम खैरा में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
खेत में छिपा था आरोपी, 2 घंटे की घेराबंदी के बाद पकड़ा
पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को खेत से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने गार्ड पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की है।
30 हजार में खरीदी थी पिस्टल
पुलिस के अनुसार, आरोपी अग्रोहा स्टील प्लांट में मजदूरी करता था। पूछताछ में उसने बताया कि प्लांट के फोरमैन को डराने-धमकाने के लिए वह अपने गांव गया था और वहां एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी।
इसी हथियार से उसने गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग कर दी।
साथी रोशन ठाकुर अब भी फरार
मामले में आरोपी विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी रोशन ठाकुर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) BNS और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर दूसरे राज्य में छिपने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस समन्वय के आधार पर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।