छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार35 पौवा अंग्रेजी शराब समेत ₹24,200 का सामान जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

कवर्धा--अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी रणवीरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध रूप से शराब परिवहन करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पौवा अंग्रेजी शराब, कुल 6.300 लीटर, जिसकी कीमत ₹4,200 तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07-AF-3973, कीमत ₹20,000, कुल ₹24,200 का सामान जब्त किया है।


पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीरेन्द्रनगर में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से परिवहन कर रहा है। सूचना पर चौकी रणवीरपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओम उर्फ तेजेश्वर मिश्रा, पिता कमलेश मिश्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी बीरेन्द्रनगर, चौकी रणवीरपुर, थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से विभिन्न ब्रांड की कुल 35 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 15 पौवा गोल्डन गोवा सुपरियर, 10 पौवा बॉम्बे गोवा व्हिस्की, 5 पौवा एनवी बेस्टो रैयर व्हिस्की तथा 5 पौवा आईकॉन प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 6,300 एमएल तथा कीमत ₹4,200 बताई गई है।

आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत पाए जाने पर थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 118/26 दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव के दिशा-निर्देशन में चौकी रणवीरपुर प्रभारी उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में सउनि योद्धा प्रसाद देशमुख, आरक्षक जितेन्द्र सिंह एवं आरक्षक मालिक राम छेदावी का विशेष योगदान रहा। चौकी रणवीरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image