छत्तीसगढ़ / मुंगेली

मुख्य अभियंता ने बैठक लेकर जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने दिए निर्देश

 अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर

मुंगेली,सितंबर 2026

जिले में ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बिलासपुर परिक्षेत्र, बिलासपुर श्री संजय सिंह ने मुंगेली प्रवास के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीआईआरपी के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य अभी अपूर्ण हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ गति प्रदान करते हुए शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
   मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग, निर्माण कार्यों में तेजी और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने की बात कही। बैठक मंो कार्यों से जुड़े ठेकेदारों के देयकों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों में निरंतरता बनी रहे और योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों तक समय पर पहुंचाया जा सके। बैठक में मुंगेली जिले के कार्यपालन अभियंता श्री कमल प्रसाद कंवर, सहायक अभियंता श्री आशीष मिश्रा, श्री प्रतीक पाटनी, श्री कृष्णा मूर्ति सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image